जीवन निर्माण में सही मार्गदर्शन की महती भूमिकाः प्रो. राय
जीवन निर्माण में सही मार्गदर्शन की महती भूमिकाः प्रो. राय 
news

जीवन निर्माण में सही मार्गदर्शन की महती भूमिकाः प्रो. राय

Raftaar Desk - P2

हरिद्वार, 25 जून (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के प्रबन्ध अध्ययन संकाय में आयोजित वेबिनार को सम्बोधित करते हुए आईआईएम इन्दौर के निर्देशक प्रो. हिमांशु राय ने कहा कि जीवन में सही मार्ग दर्शन ही व्यक्ति के जीवन निर्माण में निर्णायक भूमिका का निर्वाह करता है। नैतिक नेतृत्व के नेतृत्व में व्यक्ति अपनी प्रतिभा व गुणों का सही समय पर उपयोग कर अपनी सार्थकता को सिद्ध कर अन्य लोगों के सामने एक बेहतर उदाहरण प्रस्तुत कर सकता है। अपने अनुभवों को वेबिनार में साझा करते हुए उन्होंने कहा कि हमारे वेद व गीता में इसके विभिन्न उदाहरण देखने को मिलते हैं, जिनमें इस बात की प्रमाणिकता सिद्ध होती है कि किस प्रकार परिस्थितियों के अनुरूप उचित मार्गदर्शन मिलने पर नैतिक सिद्धान्तों को अपने जीवन में उतारकर लम्बे संघर्षो पर जीत हासिल की जा सकती है। उन्होंने इस मौके पर यजुर्वेद के 40वें तथा श्रीमद्भगवदगीता के 47वें श्लोक व महाभारत युद्ध के 17वें दिन हुए अर्जुन व कर्ण के संवाद उदाहरण के रूप में प्रतिभागियों के सामने रखे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हमारे यहां प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत है तो इन प्रतिभाओं को उचित नेतृत्व में मिलने वाले मार्गदर्शन की, जिस पर चलकर यह देश व समाज को प्रगति के पथ पर ले जाने में सहायक हों। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. रूपकिशोर शास्त्री ने कहा कि हमारी संस्कृति में विभिन्न ऐसे उदाहरण हैं, जहां विभिन्न राजाओं ने अपने कुलगुरुओं का मार्गदर्शन कर अपने जीवन में यश और कीर्ति प्राप्त करते हुए जनसेवा कार्य कर लोगों के सामने उदाहरण प्रस्तुत किए। प्रबन्ध अध्ययन संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. वीके सिंह ने कहा कि जिन बिन्दुओं पर प्रो. राय ने विचार व्यक्त किया है, हमारा विश्वविद्यालय उन्हीं सिद्धान्तों पर चलकर निरन्तर शिक्षा के क्षेत्र में अग्रसर हो रहा है। डा. अनिल डंगवाल ने वेबिनार में प्रतिभाग करने वाले प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। वेबिनार में प्रो. बिन्दु अरोड़ा, प्रो. सुरेखा राणा, प्रो. पतिराज कुमारी, डॉ पूनम पेन्यूली, डा. वागीश पालीवाल, डा. राजुल भारद्वाज, डा. मीहिर जोशी, अमीत, मिथिलेश सहित 186 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत-hindusthansamachar.in