news

कोरोना से बचने के लिए नगर निगम कर रहा है फागिंग

Raftaar Desk - P2

कोरोना के प्रकोप से बचने के लिए नगर निगम कर रहा है फागिंग रांची, 22 मार्च (हि. स.)। कोरोना वायरस को लेकर रांची नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न वार्डों में फागिंग की जा रही है। रांची नगर निगम की गाड़ी रविवार की सुबह विभिन्न वार्डों में जाकर रोड, नाली सहित अन्य स्थानों पर फॉगिंग कर रही है। वहीं जनता कर्फ्यू को देखते हुए रविवार को रांची नगर निगम के सिटी बसों का परिचालन भी बंद रहा। राज्य सरकार के आदेश के आलोक में नगर निगम ने सिटी बसों का पसंचालन बंद रखने का निर्णय लिया था। उल्लेखनीय है कि नगर निगम द्वारा 25 सिटी बसों का संचालन कचहरी चौक से राजेंद्र चौक व बिरसा चौक से लेकर कचहरी चौक तक किया जाता है। वही कोरोना के प्रकोप को देखते हुए शनिवार को नगर निगम द्वारा सिटी बसों को सैनिटाइज भी किया गया था। इस दौरान बसों की रेलिंग सीटों में फर्श की सफाई केमिकल से करवाई गयी थी। रांची नगर निगम की मेयर आशा लकड़ा ने कोरोना वायरस के प्रकोप को देखते हुए रविवार को शहर वासियों से 31 मार्च तक घरों में ही रहने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि जिस प्रकार से इस वायरस की चपेट में लोग आ रहे हैं। ऐसे में सावधानी व सतर्कता बरत कर ही हम इस वायरस को मात दे सकते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/कृष्ण-hindusthansamachar.in