हरिद्वार, 13 जून (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के प्रबन्ध अध्ययन संकाय में चेंजिंग कंज्यूमर बिहेवियर पर वेबिनार का आयोजन किया गया। इसमें हिस्सा लेते हुए एक्सलरेटर बिजनस एट गूगल ग्रुप के हेड धूल धवन जीका ने लोगों को बिहेवियर चेंज के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पूरा विश्व कोरोना जैसी माहमारी से जूझ रहा है। इस वजह से लोगों का व्यवहार परिवर्तित होता जा रहा है। जिन लोगों के पास धन का अभाव है वह अनेक समस्याओं से घिर गए हैं। लोगों के व्यवहार में परिवर्तन आने से उनका मनोबल भी डगमगाने लगा है। संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. वीके सिंह ने कहा कि व्यवहार में प्रबन्धन का होना अत्यन्त आवश्यक है। देश में अच्छा प्रबन्धन लागू होता है तो लोगों के व्यवहार में सकारात्मक परिवर्तन आता है। उसके समाधान करने के कई तरीके खोज निकाले जाते हैं। इसीलिए लोगों को समस्याओं से जुड़ने के लिए समाधान पर ध्यान देना चाहिए। वेबिनार के समन्वयक डॉ. संचित डागर ने कहा कि वर्तमान में वेबिनार ही एक ऐसा माध्यम है जिसके द्वारा लोगों की जिज्ञासाओं को सुना जा सकता है और उनके निराकरण के लिए कई तरीकों को अपनाया जा सकता है। इसी क्रम में इम्पॉर्टेन्स आफ लर्न मैनुफैक्चरिंग सिस्टम पर मिस इंडिया 2020 फिनलिस्ट रोशनी धटिंगन ने कहा कि व्यापार के क्षेत्र में मैन्यूफैक्चर सिस्टम का विशेष योगदान है। जब तक कोई कम्पनी अपने मैन्यूफैक्चर सिस्टम को सही रूप में नहीं चलाती है तो उसका सिस्टम सही नहीं होता है। इसके लिए एक अच्छे प्रबन्धनकर्ता की विशेष आवश्यकता होती है। आज प्रबन्धन के क्षेत्र में नए-नए बदलाव आ रहे हैं। उन बदलावों को सुचारू रूप में चलाने के लिए नई-नई तकनीकों को सीखना आवश्यक है। वेबिनार की संयोजक डॉ. पूनम पैन्यूली ने बताया कि यह वेबिनार कारखानों में अच्छे निर्माण कराने के लिए एक मील का पत्थर साबित होगा। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत/मुकुंद-hindusthansamachar.in