छत्तीसगढ़ में हो रही वोटिंग।
छत्तीसगढ़ में हो रही वोटिंग।  रफ्तार।
Politics

CG Election 2023: छत्तीसगढ़ में मतदान शुरू, पूर्व CM रमन सिंह समेत इन प्रत्याशियों के लिए डाले जा रहे वोट

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का आज मतदान शुरू हो चुका है। 20 विधानसभा सीटों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। सुबह 7 बजे से जनता वोट कर रही है। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगी। वहीं, नक्सल प्रभावित 10 सीटों पर वोटिंग सुबह सात बजे शुरू होकर 3 बजे तक चलेगी। पहले चरण में 25 महिलाओं समेत 223 प्रत्याशी मैदान में हैं। आज पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं बस्तर सांसद दीपक बैज, 4 पूर्व मंत्री, एक पूर्व आईएएस प्रत्याशी की किस्मत ईवीएम में बंद हो जाएगी।

20 में से 16 सीटों महिलाएं निर्णायक

आज के मतदान वाली 20 में से 16 विधानसभा सीटों पर महिलाएं निर्णायक भूमिका में हैं। मतलब इन सीटों पर महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों की तुलना में अधिक है। प्रदेश के 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान जारी है। 20 सीटों पर दूसरे चरण में 70 सीटों पर वोट डाले जाएंगे।

पहले चरण में 40,78,681 मतदाता

पहले चरण की 20 सीटों पर 19,93,937 पुरुष मतदाता, 20,84,675 महिला मतदाता और 69 तृतीय लिंग मतदाता मताधिकार कर सकेंगे। पहले चरण में 40,78,681 मतदाता हैं। पहले चरण के 20 निर्वाचन क्षेत्रों में से 16 निर्वाचन क्षेत्र मोहला-मानपुर, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, कोंटा, राजनांदगांव, खुज्जी, पंडरिया, कवर्धा, बस्तर, जगदलपुर और चित्रकोट में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाता से अधिक हैं।

इन सीटों पर पुरुषों की संख्या अधिक

अधिकारियों ने बताया कि पहले चरण के शेष चार विधानसभा क्षेत्रों अंतागढ़, डोंगरगढ़, खैरागढ़ और डोंगरगांव में महिलाओं की तुलना में पुरुष मतदाता अधिक हैं।

200 बूथों पर सिर्फ महिला कर्मचारी

पहले चरण के लिए 5304 मतदान केंद्र हैं। इन में से 200 'संगवारी' मतदान केंद्र हैं, जिनका प्रबंधन महिला कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा। 20 मतदान केंद्रों का प्रबंधन 'दिव्यांग जन' द्वारा किया जाएगा। 20 का प्रबंधन युवा कर्मचारियों द्वारा किया जाएगा।

ट्रांस जेंडर के लिए 'रेनबो' मॉडल मतदान केंद्र

अधिकारियों का कहना है कि पहले चरण में तृतीय लिंग के 69 मतदाताओं में से सबसे अधिक जगदलपुर सीट पर 29 मतदाता, अंतागढ़ और बीजापुर में आठ-आठ, डोंगरगढ़ और नारायणपुर में चार-चार, केशकाल में तीन, कवर्धा, राजनांदगांव, कांकेर, कोंडागांव और बस्तर में दो-दो एवं चित्रकोट, दंतेवाड़ा और कोंटा में एक-एक मतदाता हैं। कांकेर के अंतागढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी आठ ट्रांसजेंडर मतदाता विशेष रूप से तैयार किए गए 'रेनबो' मॉडल मतदान केंद्र पर वोट डाल सकेंगे।

अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in