चंपई सोरेन
चंपई सोरेन Raftaar.in
Politics

चंपई सोरेन बने झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री, अब 10 दिन में साबित करना होगा बहुमत

नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। चंपई सोरेन झारखंड के नए मुख्यमंत्री हैं। 2 फरवरी को चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, इसी के साथ ही वो राज्य के 12वें मुख्यमंत्री बन गए हैं। उन्हें राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। आपको बता दें कि 31 जनवरी की रात में ही चंपई ने सरकार बनाने का दावा पेश किया था। राज्यपाल ने 1 फरवरी की रात उन्हें सरकार बनाने का आमंत्रण दिया, इसके साथ ही शर्त रखी कि चंपई को 10 दिन के अंदर अपना बहुमत सिद्ध करना होगा।

चंपई सोरेन को इन दलों का है समर्थन

चंपई सोरेन के पास अभी सिर्फ 43 विधायकों का समर्थन है और इन विधायकों में  24 उनके यानी झारखंड मुक्ति मोर्चा के हैं, जबकि कांग्रेस के 17, तो वहीं आरजेडी और सीपीआई के एक एक विधायक का समर्थन प्राप्त है।

चंपई पर पहले ही लग गई थी मुहर

दो दिन पहले जब प्रवर्तन निदेशालय ने झारखंड के पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को जमीन घोटाले और मनी लांड्रिंग केस में गिरफ्तार किया। तब विधायक दल की एक बैठक में सभी विधायकों ने अपना अगला नेता चंपई सोरेन के रूप में चुन लिया था।  सीएम पद की रेस में हेमंत सोरेन की पत्नी का नाम भी शामिल था। वहीं चंपई सोरेन हेमंत सरकार में मंत्री पद के रूप में काम कर चुके हैं। इससे पहले चंपई बीजेपी सरकार में भी थे। यही वजह है कि उनके अनुभव को देखते हुए उन्हें विधायक दल ने अपना नेता चुना था।