भाजपा का एजेंडा राष्ट्रवाद और विकासः नड्डा
भाजपा का एजेंडा राष्ट्रवाद और विकासः नड्डा 
देश

भाजपा का एजेंडा राष्ट्रवाद और विकासः नड्डा

Raftaar Desk - P2

- कहा, प्रधानमंत्री मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगी है कांग्रेस देहरादून, 05 दिसम्बर (हि.स.)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि आज देश में विचारधारा का संघर्ष चल रहा है और हमारा रास्ता राष्ट्रवाद और विकास का है जबकि हमारे विरोधी जिस स्वार्थ के एजेंडे पर काम करते रहे हैं, जनता उसे नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बेवजह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते-करते अब देश का विरोध करने लगी है। इसलिए देशवासियों का भरोसा भाजपा और प्रधानमंत्री मोदी में और बढ़ा है। नड्डा ने यह बात शनिवार को यहां भाजपा द्वारा आयोजित प्रबुद्ध सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज पूरे भारत में जीत का परचम लहरा रही है। बिहार चुनाव में हमने 110 सीटों में से 74 सीटों पर जीत हासिल की है। हमारा स्ट्राइक रेट 67% है, जो सबसे अच्छा रहा। इसका मूल कारण विचार की लड़ाई है। हमने विकास को अपना एजेंडा बनाया। विकास के क्रम में बिहार की धरती पर पुलों का निर्माण, सड़क निर्माण, हॉस्पिटल निर्माण, हेल्थ संस्थानों का निर्माण था और उसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नेतृत्व हमारे साथ था। इसे देखते हुए बिहार की जनता ने क्षेत्रवाद, जातिवाद को छोड़कर विकासवाद को अपनाया और भारतीय जनता पार्टी नीत गठबंधन पर विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगी है। देश की जनता इसे भली-भांति समझ चुकी है। नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी देश विरोधी दलीलें देते हैं, जिसको आधार बनाकर इमरान खान द्वारा यूएनओ में भारत का विरोध किया जाता है। कांग्रेस के पूर्व विदेश मंत्री जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 को फिर लगाने की बात कर रहे हैं। शशि थरूर जैसे कांग्रेस नेता पाकिस्तान में जाकर भारत की बुराई और पाकिस्तान की तारीफ करते हैं। जनता इसे भली-भांति समझ चुकी है। इसीलिए आज देश की जनता का पूर्ण भरोसा मात्र नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी पर ही रह गया है। इसका नतीजा यह है कि चाहे वह विधान सभा के चुनाव हों या उपचुनाव अथवा महानगर पालिका के चुनाव हों, भारतीय जनता पार्टी का परचम लहरा रहा है। उत्तराखंड की धरती को नमन करते हुए जेपी नड्डा ने कहा कि यह आध्यात्मिक की दृष्टि से महान है। इसके अलावा यह सैनिकों की भूमि है। ऐसी धरती पर मुझे आने का मौका मिला, मैं इसे अपना सौभाग्य समझता हूं। मेरे राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के उपरांत यह मेरा पहला प्रवास है। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी विचार रखे। हिन्दुस्थान समाचार/दधिबल-hindusthansamachar.in