बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह ने अपने लिए दिया 'अबकी बार एक लाख पार' का नारा
बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह ने अपने लिए दिया 'अबकी बार एक लाख पार' का नारा  
देश

बैरिया विधायक सुरेन्द्र सिंह ने अपने लिए दिया 'अबकी बार एक लाख पार' का नारा

Raftaar Desk - P2

- राजकीय महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक व साढ़े चार सौ कन्याओं की शादी को बताया ऐतिहासिक कार्य बलिया, 18 सितम्बर (हि. स.)। यूपी में साढ़े तीन साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही योगी सरकार व भाजपा विधायकों के कामकाज पर सबकी नजर है। योगी आदित्यनाथ की अगुवाई वाली यह सरकार अगले कुछ महीनों में चुनावी माहौल बनाने का प्रयास करेगी। ऐसे में जनता भी सरकार के विकास कार्यों को कसौटी पर कसने की तैयारी में है। इन साढ़े तीन वर्षों में सरकार के कामकाज को लेकर 'हिन्दुस्थान समाचार' द्वारा विधायकों के साथ साक्षात्कार अभियान के तहत बैरिया (पूर्व में द्वाबा) विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक बने सुरेंद्र सिंह से शुक्रवार को सवाल-जवाब हुआ। अपनी सादगीपूर्ण जीवन शैली व बेबाकी के लिए प्रसिद्ध फायरब्रांड नेता व शिक्षक सुरेन्द्र सिंह ने हमेशा की तरह बेबाकी से जवाब भी दिया। समाजवादी पार्टी की ओर इशारा करते हुए कहा कि पहले एक जाति व एक जिले का विकास होता था। अब पूरे प्रदेश का विकास हो रहा है। उन्होंने अपने काम और योगी जी की लोकप्रियता के दम पर आगामी विधानसभा चुनाव में खुद के लिए एक नया नारा गढ़ा है 'अबकी बार एक लाख पार'। प्रस्तुत है अपने क्षेत्र में विकास पुरूष की भी छवि बना चुके सुरेन्द्र सिंह से हिन्दुस्थान समाचार प्रतिनिधि पंकज राय की खास बातचीत के महत्वपूर्ण अंश... प्रश्न : आपने विधायक होने के नाते साढ़े तीन सालों में क्षेत्र के विकास के लिए क्या किया ? कुछ बड़ी परियोजनाओं के नाम बताएं, जो जमीन पर दिख रही हो। उत्तर : मेरे क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। इसमें राजकीय महाविद्यालय (विज्ञान वर्ग) व राजकीय पॉलिटेक्निक कालेज की आधारशिला रख दी गई है। नौरंगा में राजकीय इंटर कालेज का निर्माण भी विकास यात्रा में महत्वपूर्ण है। यही नहीं कटान का दंश झेल रही हजारों की आबादी को बचाने के लिए सौ करोड़ की धनराशि से ड्रेजिंग कराया जा रहा है। द्वाबा के लोग अब कटान से बच जाएंगे। साथ ही 80 करोड़ से क्षेत्र में करीब 51 सड़कें बनवा चुका हूं। इसके अलावा मैं अपने लिए सबसे महत्वपूर्ण यह मानता हूं कि मैंने अपने विधायक के कार्यकाल में अब तक तीन बार में कुल 452 बेटियों की शादी करा चुका हूं। जिसमें सरकारी सहयोग के अलावा मैं व्यक्तिगत स्तर से भी खर्च कर कन्यादान करता हूं। यह मुझे आत्मिक सुख देता है। प्रश्न : डेढ़ साल बाद चुनाव है। किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे ? स्वयं की उपलब्धियों को लेकर या पार्टी की। उत्तर : मैंने अपने क्षेत्र के लोगों के लिए जो भी कार्य किया है, वह पार्टी के भरोसे से ही किया है। मोदी जी व योगी जी और अपने काम के बूते मैंने इस बार 'अबकी बार एक लाख पार' का नारा दिया है। मुझे उम्मीद है कि लोग इससे अधिक प्यार देंगे। प्रश्न : प्रदेश में आपकी पार्टी की सरकार और अन्य पार्टियों के सरकारों के बीच मूलभूत अंतर क्या है ? उत्तर : हमारी सरकार और अन्य पार्टियों की सरकारों में अनेकों अंतर है। अव्वल तो यही कि सपा जैसी पार्टियों के शासनकाल में केवल एक जाति व वर्ग को ध्यान में रखकर काम होता था। जबकि योगी जी के नेतृत्व में चल रही भाजपा सरकार सभी की भलाई के लिए काम कर रही है। हम कोई भेदभाव नहीं करते। सपा सरकार सर कलम करके चलती थी। मुख्तार व अतीक जैसों का राज चलता था। जिसमें लोग सुरक्षित नहीं रह पाते थे। बसपा के शासनकाल में भी वही हालत थी। अब सदाचारी सरकार चल रही है। भ्रष्ट व गुंडे-माफिया का कोई राज नहीं है। प्रश्न : क्या आप बताएंगे कि आपकी दृष्टि में इस सरकार की क्या-क्या उपलब्धियां रही हैं? घोषणापत्र के किन-किन वायदों को आपने पूरा किया है ? कोई एक ऐसी उपलब्धि बताएं, जो आपकी दृष्टि में इस सरकार को पूर्ववर्ती सरकारों से पृथक करती हो ? उत्तर : साढ़े तीन वर्षों में ही पूज्य योगी जी की सरकार ने घोषणा पत्र के लगभग वादे पूरे कर लिए हैं। देखिए ! राजा का तीन धर्म होता है। शिक्षा, चिकित्सा व सुरक्षा। इन तीनों मोर्चों पर योगी जी खरा उतरे हैं। आज व्यापारियों से रंगदारी नहीं मांगी जाती। गिरोहबंद अपराध खत्म हो चुके हैं। अपराधी जेल में अपनी जान की भीख मांग रहे हैं। सरकार ने इन वर्षों में सुरक्षित समाज की व्यवस्था दी है। पहले एक जाति क एक जिले का विकास होता था। अब पूरे प्रदेश का विकास हो रहा है। प्रश्न : विपक्षियों द्वारा प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर लगाए जानेवाले प्रश्नचिह्नों तथा सरकार के जातिवादी होने के आरोपों पर आपका क्या कहना है ? इन आरोपों में कितनी सच्चाई है ? उत्तर : राजनीति करना विरोधियों का धर्म है। इसी कारण वे जातिवादी आरोप लगा रहे हैं। उनकी बातों में कोई दम नहीं है। सरकार सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास के रास्ते पर चल रही है। प्रश्न : अयोध्या में शुरु हुआ राम मंदिर का निर्माण कार्य आगामी विधानसभा चुनाव को कितना प्रभावित करेगा ? उत्तर : मर्यादा पुरूषोत्तम प्रभु श्रीराम के मंदिर के निर्माण का निर्माण शुरू होने से हिन्दू समाज ने स्वाभिमानी प्रकृति को स्वीकार लिया है। अपने स्वाभिमान को स्वीकार करते हुए हिन्दू समाज भाजपा को जरूर मदद करेगा। समाज में सद्भाव भी कायम हुआ है। यह भी बड़ी उपलब्धि है। प्रश्न : अपने इस प्रदर्शन के बल पर अपने नारे 'फिर एक बार योगी सरकार' के सफल होने के विषय में अपने मन में उम्मीदें .... ? उत्तर : सन्यासी ही जहां का सेवक है। वहां के लिए अब क्या पूछना। क्योंकि सन्यास अपने लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए जीते हैं। सौभाग्य है कि केंद्र व प्रदेश, दोनों जगहों पर मोदी जी व योगी जी के रूप में सन्यासी ही राष्ट्र व समाज के सेवक हैं। दोनों लोग अपना सर्वस्व राष्ट्र के समर्पित कर दिए हैं। 'तेरा तुझको ही अर्पण' के सिद्धांत पर मोदी जी व योगी जी कर रहे हैं। इसलिए फिर एक बार योगी सरकार के सफल होने में कोई संदेह नहीं है। हिन्दुस्थान समाचार/-hindusthansamachar.in