कांग्रेस पार्टी को आत्मचिंतन करना चाहिए: राधाकृष्ण विखे पाटिल
कांग्रेस पार्टी को आत्मचिंतन करना चाहिए: राधाकृष्ण विखे पाटिल 
देश

कांग्रेस पार्टी को आत्मचिंतन करना चाहिए: राधाकृष्ण विखे पाटिल

Raftaar Desk - P2

मुंबई,11 दिसम्बर (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व को लेकर महाराष्ट्र में एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। भाजपा नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि कांग्रेस पार्टी कमजोर हो गई है, इसलिए खुद कांग्रेस पार्टी को ही इस पर आत्मचिंतन करना चाहिए। पाटिल ने पत्रकारों को बताया कि एक समय कांग्रेस की पूरे देश में सत्ता थी, लेकिन अब कांग्रेस पार्टी कमजोर हो गई। यह कैसे कमजोर हुई, इसका चिंतन कांग्रेस पार्टी को ही करना होगा। आज कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व के बारे में सभी जगह सार्वजनिक चर्चा हो रही है, जो दुखद ही है। शिवसेना प्रवक्ता संजय राऊत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इतनी कमजोर हो गई है कि संसद में विपक्षी नेता पद भी हासिल नहीं कर सकी है। इसलिए कांग्रेस पार्टी को नेतृत्व के बारे में विचार करना आवश्यक है। इस पर सफाई देते हुए कांग्रेस पार्टी के नेता संजय निरुपम ने कहा कि सोची समझी रणनीति के तहत कांग्रेस नेतृत्व का सवाल उठाया जा रहा है और कांग्रेस नेतृत्व को बदनाम किया जा रहा है। निरुपम ने कहा कि यह सब परदे के पीछे से जो कर रहा है, उसमें प्रधानमंत्री बनने की लालसा दिख रही है। उस व्यक्ति को अपनी ताकत के बारे में सोचना चाहिए। कांग्रेस पार्टी के नेता संजय पवार ने कहा कि शिवसेना व राक्रांपा को यह नहीं भूलना चाहिए कि कांग्रेस पार्टी के सहयोग से ही महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी सरकार चल रही है। एक तरफ कांग्रेस के बल पर ही सत्ता चलाना और दूसरी तरफ कांग्रेस की बदनामी करना ठीक नहीं है। इसलिए गठबंधन के साथियों को इस तरह की राजनीति बंद कर देनी चाहिए। हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर-hindusthansamachar.in