कंगना रनौत पर रालोसपा ने गया के बाद पटना सिविल कोर्ट में भी किया केस
कंगना रनौत पर रालोसपा ने गया के बाद पटना सिविल कोर्ट में भी किया केस  
देश

कंगना रनौत पर रालोसपा ने गया के बाद पटना सिविल कोर्ट में भी किया केस

Raftaar Desk - P2

पटना, 18 दिसंबर (हि.स)। राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) ने गया के बाद पटना सिविल कोर्ट में भी कंगना रनौत के खिलाफ मुकदमा दायर किया है। शुक्रवार को पटना में रालोसपा के विधि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता श्याम बिहारी सिंह ने कंगना पर पटना सिविल कोर्ट में केस दर्ज कराया है। सोशल मीडिया पर उपेंद्र कुशवाहा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर पार्टी कार्यकर्ता आक्रोशित हैं। सोशल मीडिया पर योयो फनी सिंह का एक पोस्ट है जिसमें बिहार चुनाव के दौरान मंच पर ली गई रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा की तस्वीर और साथ खड़े लोगों को 'न्यू स्टार इन टुकड़े-टुकड़े गैंग' बताया गया है। इसमें किसी की तस्वीर पर जिहादी, किसी पर कम्युनिस्ट तो किसी पर खालिस्तानी लिख दिया गया है। उपेंद्र कुशवाहा की तस्वीर पर आजाद कश्मीर लिखा है। 3 दिसंबर को योयो फनी सिंह के पोस्ट पर कंगना रनौत ने रिएक्ट करते हुए हंसने का इमोजी बनाया है, जिसको लेकर रालोसपा नाराज है। इससे एक दिन पहले रालोसपा के प्रदेश महासचिव विनय कुशवाहा ने कंगना रनौत पर गया सिविल कोर्ट में मुकदमा दायर किया था। विनय ने कहा कि रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा राष्ट्रीय नेता हैं और पूरे देश में सामाजिक नेता के रूप में उनकी छवि स्वच्छ है। उनके खिलाफ चुनाव के दौरान फोटो पर अभिनेत्री कंगना रनौत ने अपमानजनक टिप्पणी करके मान-सम्मान पर ठेस पहुंचाने का काम किया है, जो काफी शर्मनाक है। हिन्दुस्थान समाचार/ राजेश/ राजीव-hindusthansamachar.in