महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाना आवश्यक: नारायण राणे
महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाना आवश्यक: नारायण राणे  
देश

महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाना आवश्यक: नारायण राणे

Raftaar Desk - P2

मुंबई, 06 जुलाई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने कहा कि महाराष्ट्र में राष्ट्रपति शासन लगाया जाना आवश्यक है। राज्य में सरकार नाम की कोई चीज नहीं बची है। मुख्यमंत्री सिर्फ मातोश्री बंगले तक सीमित हैं, राज्य सरकार का कामकाज अधिकारी ही देख रहे हैं। इसलिए महाराष्ट्र की जनता को कोरोना से बचाने के लिए राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाना जरूरी हो गया है। नारायण राणे सोमवार को भारतीय जनता पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। राणे ने कहा कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का अंकुश सरकार व प्रशासन पर नहीं है। अनुभव व सरकार चलाने की क्षमता न होने की वजह से राज्य में कोरोना की स्थिति गंभीर बनती जा रही है। मुख्यमंत्री सिर्फ लॉकडाउन बढ़ाए जाने की घोषणा कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री ने अब तक राज्य की जनता को कोरोना से बचाने के लिए कुछ नहीं किया है। राणे ने कहा कि रत्नागिरी व रायगढ़ में निसर्ग तूफान की वजह से भारी पैमाने पर नुकसान हुआ है। लेकिन अभी तक सरकार की ओर इन क्षेत्रों में मदद नहीं पहुंच सकी है। मुंबई व आस पास के क्षेत्रों में उद्योग धंधे, निर्माण कार्य ठप हो गए हैं। निर्णय की क्षमता न होने की वजह से इन सभी को शुरू नहीं किया जा सका है। राज्य में हर तरफ असंतोष फैला हुआ है, सरकार इस असंतोष को दूर नहीं कर पा रही है। इसलिए इस सरकार को बर्खास्त कर राष्ट्रपति शासन लगाया जाना एकमेव उपाय रह गया है। हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर/बच्चन-hindusthansamachar.in