people-of-gujarat-stand-firm-with-development-and-good-governance-pm
people-of-gujarat-stand-firm-with-development-and-good-governance-pm 
देश

गुजरात की जनता विकास और सुशासन के साथ मजबूती से खड़ी हैः प्रधानमंत्री

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 02 मार्च (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुजरात नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत चुनावों में पार्टी के शानदार प्रदर्शन पर कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि नतीजों ने स्पष्ट कर दिया है कि पूरा प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के एजेंडे के साथ मजबूती से खड़ा है। मोदी ने मंगलवार को स्थानीय चुनाव नतीजे सामने आने के बाद ट्वीट कर कहा, “गुजरात के नगरपालिका, तालुका पंचायत और जिला पंचायत चुनावों के नतीजों ने अपना संदेश स्पष्ट कर दिया है। पूरा प्रदेश विकास, सुशासन और जनकल्याण के एजेंडे के साथ मजबूती से खड़ा है। मैं भाजपा के प्रति अटूट विश्वास और असीम स्नेह के लिए गुजरात की जनता को नमन करता हूं।” उन्होंने कहा, “गुजरात के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र ने सर्वसम्मति से विकास पर मुहर लगाई है। सरकार के जनहित के कार्यों ने जहां लोगों के दिलों में जगह बनाई है, वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत रंग लाई है। हमारी पार्टी गुजरात के सभी भाई-बहनों की प्रगति और राज्य की उन्नति के लिए काम करती रहेगी।” गृह मंत्री अमित शाह ने जीत पर गुजराती में ट्वीट कर कहा कि गुजरात स्थानीय निकाय चुनावों में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों और किसानों ने भाजपा को विजयी बनाकर सरकार की कल्याणकारी नीतियों पर विश्वास की मुहर लगा दी है। वह जनता को इसके लिए नमन करते हैं। इस शानदार जीत के लिए मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और उपमुख्यमंत्री नितिनभाई पटेल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल सहित कार्यकर्ताओं को बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने लोगों का विश्वास जीता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकारें देश के गरीबों, किसानों और वंचित समुदायों के कल्याण और विकास के लिए लगातार प्रतिबद्ध हैं। उल्लेखनीय है कि इन चुनाव नतीजों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन किया है। अब तक की सभी नगरपालिकाओं के लिए प्राप्त परिणामों के अनुसार, भाजपा ने नगर पालिका चुनावों में 1,967 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस और आप ने 356 और 9 सीटें हासिल की हैं। जिला पंचायत चुनावों में भाजपा ने 735 पंचायतों की सीटों पर कब्जा किया है, जबकि कांग्रेस को 157 पर और आम आदमी पार्टी (आप)को दो सीटों पर जीत हासिल हुई है। हिन्दुस्थान समाचार/अजीत