mamta39s-answer-to-amit-shah--don39t-play-with-fire-will-win-by-record-vote
mamta39s-answer-to-amit-shah--don39t-play-with-fire-will-win-by-record-vote 
देश

अमित शाह को ममता का जवाब- आग से मत खेलो, रिकॉर्ड वोट से जीतेंगे

Raftaar Desk - P2

कोलकाता, 18 फरवरी (हि.स.)। दो दिवसीय दौरे पर पश्चिम बंगाल पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का दावा किया है। ममता बनर्जी ने भी पलटवार करते हुए कहा है कि भाजपा आग से खेल रही है। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस रिकॉर्ड वोट से चुनाव जीतेगी। अमित शाह पर हमला बोलते हुए ममता ने कहा कि वह पहले अभिषेक बनर्जी से चुनाव लड़कर दिखाएं। सरस्वती पूजा का मंत्र पढ़ कर दिखाएं। ममता बनर्जी ने दक्षिण 24 परगना के पैलान में जनसभा को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं। ममता ने चुनौती देते हुए कहा कि पहले अभिषेक के साथ चुनाव लड़ें। आपका बेटा भी मेरा भतीजा है। वह कैसे करोड़ों का मालिक हो गया। उन्होंने कहा कि पंजाब हुआ साफ, उत्तर प्रदेश, त्रिपुरा और असम में भी साफ होगा। असम में एनआरसी के नाम पर अत्याचार किया गया है। बंगाल में तृणमूल के रहते हुए किसी का अधिकार छीनने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि जाकिर बहुत लोकप्रिय नेता है। उसे मारने की साजिश रची गई। इसकी पूरी तरह से जांच होगी। भाजपा की साजिश चल रही है। सीएम ने कहा कि अमित शाह से कहा कि पहले दिल्ली संभालें, उसके बाद बंगाल में दखल करें। किसान आंदोलन संभल नहीं रहा है और बंगाल की दखल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभिषेक बनर्जी को मारने की कोशिश की गई। वह अभी भी एक आंख से नहीं देख पाता है। उसे मारने साजिश की गई। उन्होंने कहा कि अमित शाह आग से खेलने की कोशिश नहीं करें। बंगाल में तृणमूल कांग्रेस रिकॉर्ड वोट से चुनाव जीतेगी। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/सुनीत-hindusthansamachar.in