mamta-banerjee-got-discharged-from-hospital-returned-home-on-wheel-chair
mamta-banerjee-got-discharged-from-hospital-returned-home-on-wheel-chair 
देश

ममता बनर्जी को मिली अस्पताल से छुट्टी, व्हील चेयर पर लौटीं घर

Raftaar Desk - P2

कोलकाता, 12 मार्च (हि.स.)। नंदीग्राम में नामांकन के बाद चोटिल हुई मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को कोलकाता के सरकारी एसएसकेएम अस्पताल से शुक्रवार शाम छुट्टी मिल गई है। पैर का सूजन और दर्द भी कम होने के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उन्हें छुट्टी देने की अपील की थी। उनकी सेहत को देखते हुए चिकित्सकों ने अधिकतर आराम करने की सलाह देकर छुट्टी दे दी है। बुधवार शाम उन्हें पैर में चोट लगी थी जिसके बाद सीएम ने स्थानीय चार-पांच लोगों पर उन्हें धक्का देने का आरोप लगाया था और साजिश के तहत हत्या की कोशिश का दावा भी किया था। हालांकि स्थानीय प्रशासन ने अपनी जांच में इसे महज एक दुर्घटना करार दिया है। प्रशासन के मुताबिक कार का दरवाजा खोलकर मुख्यमंत्री लोगों को नमस्कार कर रही थीं, उसी समय कार के दरवाजों की टक्कर सड़क किनारे एक लैंप पोस्ट से हुई थी जिसकी चपेट में आने से उनका पैर चोटिल हुआ है। घटना के बाद उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर कोलकाता लाकर एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक्सरे जांच में उनके टखने की हड्डी टूटी हुई मिली है जिसके बाद प्लास्टर किया गया है। पैर का सूजन और दर्द भी कम हो गया है। इसके बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से उन्हें छुट्टी देने की अपील की थी। उनकी सेहत को देखते हुए चिकित्सकों ने अधिकतर आराम करने की सलाह देकर छुट्टी दे दी है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद ममता व्हीलचेयर पर बैठकर घर लौटी हैं। फिलहाल घर पर भी 48 घंटे के लिए मुख्यमंत्री पर चिकित्सकों की टीम नजर रखेगी। अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने कहा कि बाएं पैर पर अस्थाई प्लास्टर काटकर नया प्लास्टर लगाया गया है। दर्द की दवा दी गई है जिसकी वजह से गर्दन कंधे कमर और पैर में दर्द नहीं हो रहा। डॉक्टर ने सीएम को कम से कम तीन से चार हफ्ते तक आराम करने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री व्हील चेयर का इस्तेमाल कर पाएंगी। इसके अलावा डॉक्टरों ने सीएम को अलग तरह की चप्पल पहनने की सलाह दी है जिसके इस्तेमाल से उन्हें दर्द नहीं होगा। तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने बताया है कि शनिवार से ही मुख्यमंत्री अपने चुनावी कार्यक्रम में जुड़ जाएंगी। पुरुलिया जिले के बलरामपुर में उनकी जनसभा प्रस्तावित है। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा/सुनीत