हमारे युग के सबसे बड़े नायक हैं महात्मा गांधी : डॉ. बंग
हमारे युग के सबसे बड़े नायक हैं महात्मा गांधी : डॉ. बंग  
देश

हमारे युग के सबसे बड़े नायक हैं महात्मा गांधी : डॉ. बंग

Raftaar Desk - P2

'अगर आज गांधी होते तो क्या करते- नौ सूत्री कार्यक्रम' विषय पर रखे विचार नई दिल्ली, 12 जुलाई (हि.स.)। प्रभाष परंपरा न्यास और गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के तत्वावधान में रविवार को 'प्रभाष प्रसंग' का आयोजन किया गया। वेबिनार के माध्यम से आयोजित ‘अगर आज गांधी होते तो क्या करते- नौ सूत्री कार्यक्रम’ विषय पर व्याख्यान में वक्ताओं ने विचार रखे। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पद्मश्री डॉ. अभय बंग उपस्थित रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभाष परंपरा न्यास के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार बनवारी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रभाष परंपरा न्यास के मुख्य न्यासी एवं हिन्दुस्थान समाचार के समूह संपादक रामबहादुर राय ने अपने संबोधन में कहा कि यह '11वां प्रभाष प्रसंग' है। उन्होंने कहा कि पत्रकार के सामाजिक, राजनीतिक और भौतिक सरोकारों का पाठ हमने प्रभाष जोशी से सीखा। उनके जन्मदिन पर हर साल हम इसे एक उत्सव का रूप देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज परिस्थिति ऐसी है कि हम दूर-दूर हैं। अपने घरो में हैं, लेकिन डिजिटल माध्यम से जुड़े हैं। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित गांधीवादी कार्यकर्ता पद्मश्री डॉ. अभय बंग ने कहा कि आज हम कोरोना महामारी, अर्थव्यवस्था और पर्यावरणीय सकंट को एक साथ झेल रहे हैं। इस संकट में हमें एक महानायक की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हमारे युग के सबसे बड़े नायक महात्मा गांधी हैं। उन्होंने कहा कि अगर आज गांधी जी होते तो इस संकट में उनका क्या जबाब होता। इसकी खोज हमें उनके जीवन में ही करनी होगी। उनके जीवन में अगर हम खोज करते हैं तो उनकी विशेषताएं हैं जिनसे हमें जवाब मिलेंगे। उन्होंने कहा कि गांधी जी की पहली विशेषता होती कि दूसरों को प्रेरित करने से पहले खुद को प्रेरित करें। उनकी दूसरी विशेषता होती कि किसी उपाय की शुरुआत वह स्थानीय स्तर पर करते। डाॅ. बंग ने कहा कि आज हम सभी बड़ी दुविधा में हैं, लोग चिंचित हैं। ऐसी अवस्था में बापू लोगों से भय मुक्त रहने को कहते। गांधीजी हमसे कहते कि डरने की आवश्यकता नहीं हैं। इसी तरह उन्होंने कर्तव्य बोध सहित गांधीजी की कई विशेषताओं के बारे में बताया। हिन्दुस्थान समाचार/ वीरेन्द्र सिंह-hindusthansamachar.in