dinesh-prajapati-and-ram-mokaria-reach-rajya-sabha-unopposed-from-gujarat
dinesh-prajapati-and-ram-mokaria-reach-rajya-sabha-unopposed-from-gujarat 
देश

गुजरात से निर्विरोध राज्यसभा पहुंचे दिनेश प्रजापति और राम मोकरिया

Raftaar Desk - P2

गांधीनगर/अहमदाबाद,20 फरवरी (हि॰स॰) | गुजरात से राज्यसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दोनों उम्मीदवारों ने निर्विरोध जीत हासिल की है। कांग्रेस ने इस उपचुनाव मेंं अपने उम्मीदवार नहीं खडे किए थे, जिस कारण भाजपा उम्मीदवारों को निर्विरोध चुन लिया गया है। दिनेश प्रजापति और राम मोकरिया को जीत का प्रमाण पत्र सौंप दिया गया। गुजरात में राज्यसभा की कुल 11 सीटें हैं। भाजपा के पास सबसे अधिक सात सीटें हैं और शेष पर कांग्रेस का कब्जा था । भाजपा से, पुरुषोत्तम रूपाला, मनसुख मांडविया, नरहरि अमीन, अभय भारद्वाज, रमीला बारा, डॉ जयशंकर और जुगलजी ठाकोर राज्यसभा सांसद हैं। वहीं, कांग्रेस से, शक्तिसिंह गोहिल, अमीबेन याग्निक, नारण राठवा, अहमद पटेल राज्यसभा सांसद थे। किंतु, कांग्रेस के अहमद पटेल और भाजपा के अभय भारद्वाज के निधन के कारण राज्यसभा की दो सीटों पर उपचुनाव कराना पड़ा। उल्लेखनीय है कि राज्यसभा उपचुनाव के लिए 18 फरवरी को मतदान होना था, किंतु कांग्रेस के द्वारा उम्मीदवार न उतारे जाने के कारण भाजपा उम्मीदवारों को निर्विरोध विजयी घोषित कर दिया गया। हिदुस्थान समाचार/हर्ष/पारस