congress-is-pretending-in-the-name-of-ncp-farmers-fadnavis
congress-is-pretending-in-the-name-of-ncp-farmers-fadnavis 
देश

कांग्रेस, राकांपा किसानों के नाम पर ढोंग कर रही हैं : फडणवीस

Raftaar Desk - P2

राजबहादुर यादव मुंबई, 25 जनवरी (हि.स.)। विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) पर किसानों के नाम पर ढ़ोंग करने का आरोप लगाया है। देवेंद्र फडणवीस सोमवार को भंडारा में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस पार्टी ने खुद कृषि बाजार समिति खत्म करने की बात अपने चुनावी घोषणा पत्र में की थी। इसी तरह महाराष्ट्र में पहले से सामूहिक खेती हो रही है। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने कृषि कानून का कभी सीधा विरोध नहीं किया है। कृषि कानून का समर्थन किसान नेता शरद जोशी प्रणीत किसान संगठन ने भी किया है। फडणवीस ने कहा कि इस समय किसानों का दिल्ली में प्रदर्शन चल रहा है। इसलिए कांग्रेस व राकांपा बहती गंगा में हाथ धोने के लिए आजाद मैदान के संयुक्त किसान मोर्चा के आंदोलन में शामिल हुई हैं। कांग्रेस व राकांपा दोनों किसानों को गुमराह कर रही हैं। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भंडारा के अस्पताल में नवजात बच्चों की जलकर हुई मौत के बाद सरकार की ओर से अभी तक मामला दर्ज नहीं किया गया है। यह घटना सरकार की लापरवाही से हुई थी, इसलिए इस घटना के लिए राज्यसरकार पर ही हत्या का मामला दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक भंडारा अस्पताल में हुए हादसे के विरुद्ध मामला दर्ज नहीं किया जाता ,तब तक भाजपा का आंदोलन जारी रहेगा। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in