Classical composer Ustad Ghulam Mustafa Khan dies
Classical composer Ustad Ghulam Mustafa Khan dies 
देश

शास्त्रीय संगीतकार उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान का निधन

Raftaar Desk - P2

मुंबई, 17 जनवरी (हि.स.)। शास्त्रीय संगीतकार उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान का (89) का रविवार को दोपहर में मुंबई स्थित उनके निवास में निधन हो गया है। उस्ताद मुस्तफा खान रामपुर सहसवान घराने से ताल्लुक रखते थे। संगीत में महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें पद्मश्री, पद्मभूषण और पद्मविभूषण अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। उस्ताद गुलाम खान के निधन की पुष्टि उनकी बहू नम्रता गुप्ता खान ने की है। जानकारी के अनुसार उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान ने बॉलीवुड के कई बड़े गायकों को संगीत की शिक्षा दी। लता मंगेशकर के अलावा उन्होंने एआर रहमान, सोनू निगम, हरिहरन, आशा भोंसले, गीता दत्त, मन्ना डे और शान को संगीत सिखाया। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने उस्ताद मुस्तफा खान के निधन पर दुख व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोकसंदेश में कहा कि पद्मविभुषण गुलाम मुस्तफा खान ने भारतीय संगीत विश्व को समृद्ध किया। उन्होंने उत्तम शिष्यों की पीढ़ी विश्व को दी है। उनके निधन से हमने एक महान शास्त्रीय संगीतकार को खो दिया है। संगीत साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने अपने शोकसंदेश में कहा कि मुझे अभी ये दुखद खबर मिली है कि महान शास्त्रीय गायक उस्ताद गुलाम मुस्तफा खान साहब इस दुनिया में नहीं रहे। ये सुनकर मुझे बहुत दुख हुआ। वो गायक तो अच्छे थे ही पर इंसान भी बहुत अच्छे थे। हिन्दुस्थान समाचार/ राजबहादुर/रामानुज-hindusthansamachar.in