bjp-will-win-more-than-200-seats-in-bengal-rajnath-singh
bjp-will-win-more-than-200-seats-in-bengal-rajnath-singh 
देश

बंगाल में 200 से अधिक सीटें जीतेगी भाजपाः राजनाथ सिंह

Raftaar Desk - P2

कोलकाता, 25 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में सरकार गठन का लक्ष्य लेकर चल रही भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को भाजपा के पक्ष में तीन जनसभाएं बंगाल में की हैं। यहां मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनौती देते हुए उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी 200 से अधिक सीटें जीतकर बंगाल में सरकार बनाने जा रही है। पहली रैली साउथ 24 परगना के जयनगर विधानसभा में थी। यहां राजनाथ सिंह ने कहा, 'मैं पूरी तरह से आश्वस्त हूं कि बंगाल के चुनाव में भाजपा को 200 से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त होगी। बंगाल की सरकार को समझना चाहिए कि लोकतंत्र में सरकार अहंकार से नहीं, संविधान से चलती है।' राजनाथ ने कहा, "ममता दीदी ने जब पहला चुनाव लड़ा था उस समय मां, माटी, मानुष की सुरक्षा की बात कही थी। 10 वर्षों का समय गुजरा है, बंगाल में न मां सुरक्षित है, न माटी और न मानुष। ममता दीदी ने बंगाल में अजीबोगरीब हालात पैदा कर रखे हैं, उनके भाषण में भी हिंसा होती है। जिस बंगाल की धरती पर चैतन्य महाप्रभु का वचन सुनाई देता था, आज इस धरती पर बम के धमाके सुनाई देते हैं। आज बंगाल की कानून व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से धवस्त हो चुकी है। राजनाथ सिंह ने कहा कि ममता दीदी इस बंगाल को कहां ले गईं, आज सारा हिन्दुस्तान नवीन शताब्दी में जी रहा है लेकिन हमारा ये बंगाल आज 19वीं शताब्दी में जी रहा है। 35 वर्षों तक वामपंथियों की सरकार रही और 10 वर्षों तक ममता दीदी की जो सरकार है, उसके कारण ऐसा हो रहा है। बंगाल में हमारे 150-200 कार्यकर्ता मारे गए हैं। रोज टीवी पर दिखाया जाता है कि राज्य में बम बनाया जा रहा है। भाजपा की सरकार बनने पर क्राइम पर कंट्रोल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकेगा। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश