bjp-kisan-morcha-to-set-up-helpdesk-to-help-people-in-vaccination-chahar
bjp-kisan-morcha-to-set-up-helpdesk-to-help-people-in-vaccination-chahar 
देश

टीकाकरण में लोगों की मदद के लिए हेल्पडेस्क लगाएगा भाजपा किसान मोर्चा: चाहर

Raftaar Desk - P2

नई दिल्ली, 20 मई (हि. स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा ने कोविड-19 की रोकथाम के लिए चल रहे टीकाकरण अभियान में सहयोग करने के लिए देश के प्रत्येक जनपद के एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कोविड-19 हेल्प डेस्क लगाकर स्वयं को सुरक्षित रखते हुए जरूरतमंद लोगों की सेवा एवं जन जागृति करने का निर्णय किया है। किसान मोर्चा के अध्यक्ष राजकुमार चाहर ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा देशभर के 824 सामुदायिक केंद्रों पर कोविड-19 हेल्प डेस्क का विधिवत उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से 21 मई शुक्रवार सुबह 10:30 बजे करेंगे। भाजपा किसान मोर्चा के प्रभारी राष्ट्रीय महामंत्री भूपेंद्र यादव, सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, सभी मोर्चे के प्रदेश अध्यक्ष, महामंत्री, जिला अध्यक्ष व स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहेंगे। भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष ने बताया कि सेवा ही संगठन के तहत प्रारंभ किए जा रहे प्रत्येक जनपद में एक सामुदायिक केंद्र पर कोविड-19 हेल्प डेस्क पर किसान मोर्चा कार्यकर्ता समय अंतराल पर वहां पर उपस्थित रहेंगे। कोविड-19 हेल्प डेस्क पर किसान मोर्चा कार्यकर्ता लोगों की सभी प्रकार की आवश्यक मदद करेंगे। चाहर ने बताया कि किसान मोर्चा के कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किए गए विश्व के सबसे बड़े टीकाकरण अभियान के प्रति ग्रामीण अंचल में जनजागृति के साथ-साथ आरोग्य सेतु एप पर उनका रजिस्ट्रेशन कराएंगे ताकि अधिक से अधिक लोगों का सफलतापूर्वक टीकाकरण हो सके। हिंदुस्थान समाचार/अजीत