bjp-confirms-the-merits-of-the-budget-by-holding-press-conferences-in-various-cities
bjp-confirms-the-merits-of-the-budget-by-holding-press-conferences-in-various-cities 
देश

भाजपा ने विभिन्न शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बजट की खूबियां बताई

Raftaar Desk - P2

- रविवार को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण मुंबई में और प्रकाश जावड़ेकर पुणें में करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस नई दिल्ली, 06 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय बजट वर्ष 2021-22 की खूबियों और बारीकियों को आम जन तक पहुंचाने और उसे समझाने के लिए देश के अलग-अलग शहरों में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बजट के बारे में जानकारी दी। साथ ही पार्टी द्वारा आने वाले कुछ दिनों तक देश के विभिन्न भागों में इस तरह की प्रेस वार्ताएं आयोजित की जायेगी। इसी क्रम में रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मुंबई में और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर पुणे में प्रेस वार्ताओं को संबोधित करेंगे। भाजपा के मीडिया प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने शनिवार को एक विज्ञप्ति जारी कर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में, केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र शेखावत ने लखनऊ में तथा केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह ने पणजी में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इसके अतिरिक्त पार्टी के कई राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने देशभर में प्रेस वार्ताएं आयोजित कीं। आन्ध्र प्रदेश में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद भारत पहले से बहुत अलग है। आज हमारे लिए स्वास्थ्य, भलाई महत्वपूर्ण हो गए हैं। यही वजह है कि बजट में सरकार ने स्वास्थ्य और भलाई क्षेत्र को इतनी बड़ी प्राथमिकता दी है। उन्होंने इसके विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि यह बजट सर्वस्पर्शी और सर्व समावेशी है। केन्द्रीय राज्य मंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने जम्मू के त्रिकुटा नगर स्थित प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए वित्तीय वर्ष 2021-22 के बजट को भारत के आम लोगों के लिए हितकारी करार देते हुए कहा है कि बजट में स्वास्थ्य, कृषि व ढांचागत विकास पर मुख्य रूप ध्यान केंद्रित किया गया है जिससे आने वाले सालों में भारत मजबूत बनकर विश्व मूर्ति बनेगा। डॉ सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने एक बार फिर परंपरागत रास्ते से अलग जाकर एक ऐसा बजट दिया है जिससे देश में ढांचागत विकास होगा और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने कानपुर में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्रीय बजट 2021-22, समाज के सभी तबकों का "सम्मान के साथ सशक्तिकरण" सुनिश्चित कर "आत्मनिर्भर भारत के सफल सफर का हमसफ़र" है। यह बजट समाज के सभी जरूरतमंदों के सामाजिक-आर्थिक-शैक्षिक सशक्तिकरण और सेहत-सलामती के संकल्प से भरपूर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का यह बजट निवेशकों, उद्योग और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव लाएगा। केंद्रीय मत्स्य, पशुपालन और डेयरी मंत्री गिरिराज सिंह ने पणजी में प्रेस कांफ्रेस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछले यूपीए के शासनकाल की तुलना में एनडीए के शासनकाल के दौरान कृषि क्षेत्र के लिए बजटीय आवंटन में जबरदस्त वृद्धि हुई है। 2009-2014 के यूपीए के शासनकाल में कृषि बजट लगभग 88,000 करोड़ रुपये था। 2014-2020 में बजटीय खर्च बढ़कर 4 लाख करोड़ रुपये हो गया। यह बजटीय खर्च में 400 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग कृषि कानूनों को लेकर किसानों को गुमराह कर देश को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। इसमें खासतौर पर वामपंथी और टुकड़े-टुकड़े गैंग शामिल हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अजीत-hindusthansamachar.in