all-world-class-sports-will-be-arranged-in-sardar-patel-sports-complex-amit-shah
all-world-class-sports-will-be-arranged-in-sardar-patel-sports-complex-amit-shah 
देश

सरदार पटेल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में विश्वस्तरीय सभी खेलों की होगी व्यवस्था : अमित शाह

Raftaar Desk - P2

अहमदाबाद, 24 फरवरी (हि.स.)। मोटेरा में बने दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियम का आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने उद्घाटन किया। इस मौके पर केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज भारत के खेल जगत का स्वर्णिम दिन है। आज भारत के राष्ट्रपति कोविन्द के कर-कमलों से लौह पुरुष भारत रत्न सरदार पटेलजी के नाम से जोड़कर एक बड़े स्पोर्ट्स एन्क्लेव का भूमि पूजन हुआ है। इस स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में विश्व स्तरीय सभी खेलों की व्यवस्था होगी। शाह ने कहा कि देश और दुनिया के सभी खेलों के सभी खिलाड़ियों की ट्रेनिंग देने और उनके रहने की व्यवस्था यहां पर होगी। 3,000 बच्चों के एक साथ ट्रेनिंग लेने और उनके रहने की व्यवस्था भी यहां होगी। सरदार पटेल स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, नारायणपुरा में स्पोर्ट्स कांप्लेक्स और मोदी स्टेडियम ये तीनों मिलाकर किसी भी अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में खेले जाने वाले सभी खेलों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलने की पूरी व्यवस्था एक ही शहर में एक ही स्थान पर होगी। ये हमारे लिए गर्व की बात है। इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजु ने कहा कि इस समय पूरे देश में फिट इंडिया का माहौल बना है। गुजरात सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। अहमदाबाद एक स्पोर्ट्स सिटी बन रहा है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा कि गुजरात और गुजरातियों के लिए कहा जाता है कि इन्हें खेल में कोई दिलचस्पी नहीं है, वे केवल रोजगार और पैसा कमाने में रुचि रखते हैं। आज यह गलत साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को छोटी चीजों में कोई दिलचस्पी नहीं है। उनकी प्रेरणा से बने दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम और सरदार की प्रतिमा इसका सबूत है। हिदुस्थान समाचार/हर्ष/पारस