africa39s-kovid-strain-found-in-mathura-woman-stirred-up
africa39s-kovid-strain-found-in-mathura-woman-stirred-up 
देश

मथुरा की महिला में मिला अफ्रीका का कोविड स्ट्रेन, मचा हड़कंप

Raftaar Desk - P2

मथुरा, 26 मार्च (हि.स.)। शुक्रवार को 50 वर्षीय महिला की रिपोर्ट में साउथ अफ्रीका का कोविड स्ट्रेन पाने की पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने की है। इससे पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। फिलहाल सीएमओ के निर्देश पर बरसाना के कमई गांव में सघन रूप से सर्वे किया जा रहा है तथा संक्रमित महिला के संपर्क में आए सभी लोगों की जांच कराई जाएगी। ज्ञातव्य है कि मथुरा में अभी तक वुहान (चीन) का कोविड स्ट्रेन पाया जा रहा था। वेटरिनरी विश्व विद्यालय में स्थित लैब से शुक्रवार को मिली रिपोर्ट के बाद स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई है। अभी तक दूसरे देशों में ही कोविड स्ट्रेन अलग-अलग पाया जा रहा था। ब्रज में पहली बार साउथ अफ्रीका का कोविड स्ट्रेन पाया गया है। ऐसे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसाना के चिकित्सा अधीक्षक को सीएमओ डा. रचना गुप्ता ने निर्देश जारी कर दिए हैं। उनके निर्देश पर गांव सघन रूप से सर्वे किया जा रहा है। शुक्रवार देर सायं क्यूआरटी प्रभारी डा. भूदेव ने बताया कि महिला की उम्र 50 वर्ष है। वह गोवर्धन परिक्रमा के दौरान एक धर्मशाला में भी रुकी थी। आशंका है कि महिला परिक्रमा के दौरान किसी विदेशी श्रद्धालु के संपर्क में आई है, जो पहले से संक्रमित रहा होगा। जिस धर्मशाला में महिला रुकी थी, वहां अन्य लोगों की जांच पूर्व में कराई गई थी। उस समय यहां जो लोग संक्रमित मिले थे, उनमें वुहान का ही कोविड स्ट्रेन मिला था। हिन्दुस्थान समाचार/महेश