Accused Minister Dhananjay Munde resigns: Chandrakant Patil
Accused Minister Dhananjay Munde resigns: Chandrakant Patil 
देश

दुष्कर्म के आरोपित मंत्री धनंजय मुंडे इस्तीफा दें : चंद्रकांत पाटिल

Raftaar Desk - P2

मुंबई, 13 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि सामाजिक न्याय मंत्री धनंजय मुंडे पर दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद उन्हें तत्काल नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए था। धनंजय मुंडे ने अब तक इस्तीफा नहीं दिया है, इसलिए भाजपा इसके विरोध में जोरदार राज्यव्यापी आंदोलन छेड़ने वाली है। चंद्रकांत पाटिल ने बुधवार को बताया कि धनंजय मुंडे के विरुद्ध महिला ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। यह आरोप बेहद संगीन और चिंताजनक है। इससे महाराष्ट्र की अस्मिता को ठेस लगी है। महिला के आरोप के बाद अगर धनंजय मुंडे इस्तीफा नहीं दे रहे हैं तो मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष को इस संबंध में नैतिकता के आधार पर मुंडे पर कार्रवाई करनी चाहिए। धनंजय मुंडे को तत्काल मंत्री समूह से बाहर करना चाहिए। उल्लेखनीय है कि रेणू शर्मा नामक महिला की ओर से मुंबई के ओशिवरा पुलिस स्टेशन में धनंजय मुंडे पर दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया गया। इसके बाद भाजपा प्रदेश महिला आघाड़ी की अध्यक्षा उमा खापरे तथा किरीट सोमैया ने मंगलवार को धनंजय मुंडे के इस्तीफे की मांग की थी। चंद्रकांत पाटिल ने कहा कि महाविकास आघाड़ी के मंत्री व नेताओं की मोटी चमड़ी पर इस तरह के आरोपों का असर होते नहीं दिख रहा है। वे इस्तीफे की मांग के बाद भी चुप बैठे हैं। पाटिल ने कहा कि अगर धनंजय मुंडे ने इस्तीफा नहीं दिया तो भाजपा राज्यव्यापी आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। हिन्दुस्थान समाचार/ राजबहादुर/रामानुज-hindusthansamachar.in