48-hours-spent-in-ukraine-intimidating-ayushi
48-hours-spent-in-ukraine-intimidating-ayushi 
देश

आयुषी को डराते हैं यूक्रेन में गुजारे 48 घंटे

Raftaar Desk - P2

नर्मदापुरम, 4 मार्च (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम से एमबीबीएस की शिक्षा हासिल करने यूक्रेन गईं आयुषी सकुशल अपने घर पहुंच गई हैं, मगर उन्हे वे 48 घंटे डराते हैं, जो उन्होंने यूक्रेन की सीमा पर खुले आसमान के नीचे गुजारे। आयुषी यूक्रेन के टेरनोपिल स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में एमबीबीए थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रही थीं। रुस के हमले से पहले सब ठीकठाक था, मगर हमले के बाद हालात बिगड़े और अन्य छात्रों के साथ आयुषी भी वापस स्वदेश लौटने की राह देखने लगीं। स्वदेश लौटी आयुषी बताती हैं कि दो दिन यूक्रेन की सीमा पर काफी परेशान रहीं, वहां कोई सेंटर नहीं था, इसके चलते माईनस नौ डिग्री तापमान में खुले आसमान के नीचे 48 घंटे गुजरने पड़े। इस दौरान बारिश का भी सामना करना पड़ा। यूक्रेन सीमा को पार करने के बाद रोमानिया पहुंचने पर राहत मिली। आयुषी ने बताया कि वहां के हालत काफी खराब हैं। पोलैंड बार्डर के हालत और भी खराब हैं। यूक्रेन में हमें यूक्रेरियन बोलने पर मजबूर किया जा रहा था। रोमानिया आने के बाद वहां के लोगों ने हमारी काफी मदद की, खाना और रहने के लिए आसरा दिया। रोमानिया के लोगों ने एक घर में चार लड़कियों को रहने की जगह दी और रोमानिया की इंडियन एम्बेसी ने काफी मदद की। आयुषी हवाईजहाज से रोमानिया से दिल्ली और फिर दिल्ली से टेन से इटारसी पहुंची। उसके बाद सांकेत गांव में पहुंचने पर शुक्रवार को उससे मिलने नाते रिश्तेदार तो पहुंच ही रहे हैं, साथ में बड़े बुजुर्ग उन्हे आशीर्वाद भी दे रहे हैं। गांव में उत्सव जैसा नजारा है। --आईएएनएस एसएनपी/एएनएम