उज्जैन में कृषि मंत्री पटेल बोले, किसानों को व्यवसायी भी बनाएंगे
उज्जैन में कृषि मंत्री पटेल बोले, किसानों को व्यवसायी भी बनाएंगे 
news

उज्जैन में कृषि मंत्री पटेल बोले, किसानों को व्यवसायी भी बनाएंगे

Raftaar Desk - P2

उज्जैन, 07 जून (हि.स.)। प्रदेश के किसान कल्याण मंत्री कमल पटेल रविवार को उज्जैन पहुंचे और यहां प्रेसवार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सरकार किसानों और गांवों के हित की सरकार है। किसानों के विकास से ही गांव का विकास होगा और गांवों के विकास से ही प्रदेश और देश का विकास होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना संकट के दौरान लॉक डाउन के बावजूद किसान भाइयों ने आमजन की सभी आवश्यक जरूरतें जैसे- दूध, फल, सब्जी और अनाज की आपूर्ति निर्बाध रूप से जारी रखी। हमें किसानों को आत्मनिर्भर बनाना है, इसीलिए सरकार की यही मंशा है कि किसानों को व्यवसायी भी बनाया जाए। कृषि मंत्री ने बताया कि सरकार द्वारा 50 करोड़ रुपये की लागत से कोल्ड स्टोरेज एवं वेयरहाउस बनवाए जाएंगे। किसानों के अधिक से अधिक समूह बनाए जाने पर भी जोर दिया जाएगा, ताकि वे अपनी उपज बिना बिचौलियों के बेच सकें। इससे किसान आत्म निर्भर बनेंगे और साथ ही उनके मान-सम्मान में भी बढ़ोतरी होगी। इस दौरान पूर्व सांसद चिंतामणि मालवीय, विधायक पारस जैन, विधायक डॉ. मोहन यादव, छोटू बना, महापौर मीना जोनवाल समेत अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कोरोना महामारी निवारण के लिए अनुष्ठान में शामिल हुए मंत्री पटेल रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान कृषि विकास मंत्री कमल पटेल झालरिया मठ पहुंचे और यहां कोरोना महामारी के निवारण के लिए किए जा रहे 10 दिवसीय अनुष्ठान में शामिल हुए। इस दौरान अनुष्ठान में मंत्री पटेल के साथ विधायक पारस जैन ने भी आहूति दी। बता दें कि कोरोनावायरस के निवारण के लिए झालरिया मठ में 10 दिवसीय अनुष्ठान किया जा रहा है। अनुष्ठान के मुख्य आचार्य पंडित गौरव उपाध्याय हैं। इसका समापन आगामी बुधवार को होगा। इसके अतिरिक्त अनुष्ठान में बतौर सहयोगी पंडित यश जोशी, पंडित वेद प्रकाश त्रिवेदी, पंडित तुषार जोशी भी शामिल होंगे। मंत्री पटेल ने महाकाल मंदिर के शिखर दर्शन किए रविवार को उज्जैन प्रवास के दौरान कृषि मंत्री कमल पटेल ने श्री महाकालेश्वर मंदिर के बाहर से शिखर दर्शन किए। इस अवसर पर पूर्व सांसद डॉ चिंतामणि मालवीय, विधायक उज्जैन उत्तर पारस जैन, बहादुर सिंह बोरमुंडला, विवेक जोशी, शक्ति सिंह चौधरी, वीरेंद्र कावडिय़ा एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर / उमेद सिंह रावत-hindusthansamachar.in