Mamata Banerjee
Mamata Banerjee 
news

Loksabha Election 2024: विपक्षी एकता पर CM ममता बनर्जी का बड़ा बयान, कहा- कांग्रेस को देनी होगी कुर्बानी

नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 के लिए अब एक साल से भी कम का वक्त बचा है। सभी पार्टियां चुनाव की तैयारियों में लगी हैं। इसी बीच पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बड़ा एलान किया है। ममता ने कहा कि जहां भी कांग्रेस मजबूत है, TMC वहां उसे समर्थन देगी। उन्होंने आगे कहा कि अगर मैं कर्नाटक में आपका समर्थन करती हूं, फिर आपका बंगाल में मेरे खिलाफ लड़ना उचित नहीं है।

कांग्रेस को देनी होगी कुर्बानी

CM ममता बनर्जी ने कहा, '' जहां भी कोई क्षेत्रीय राजनीतिक दल मजबूत है वहां भाजपा नहीं लड़ सकती। जो दल किसी क्षेत्र विशेष में मजबूत हैं, उन्हें मिलकर लड़ना चाहिए...मैं कर्नाटक में कांग्रेस का समर्थन कर रही हूं लेकिन उन्हें बंगाल में मेरे खिलाफ नहीं लड़ना चाहिए। अगर कुछ अच्छा हासिल करना है तो कुछ क्षेत्रों में कुर्बानी देनी होगी।'' उन्होंने आगे कहा मान लीजिए कर्नाटक में वोट भाजपा सरकार के खिलाफ एक जनादेश है।

दिल्ली दौरे पर आएंगी ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि इस महीने के आखिर तक वह दिल्ली का दौरा करेंगी। बता दें कि सीएम ममता 27 मई को नीति आयोग की बैठक में शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि दिल्ली दौरे के दौरान विपक्ष की बैठक का कोई प्लान नहीं है।

गौरतलब है कि इससे पहले शनिवार को ममता बनर्जी ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने कहा था कि अगर आप दक्षिण भारत से शुरुआत करें तो कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश फिर बंगाल, बिहार, झारखंड उसके बाद महाराष्ट्र, पंजाब, दिल्ली इन सभी राज्यों में पहले BJP सरकार बनने का पीक टाइम रहा लेकिन अब इन राज्यों में BJP 100 सीटें भी पार नहीं कर पाएगी।