news

Maharashtra Kisan Nidhi Yojana: महाराष्ट्र में किसानों को सरकार का तोहफा, योजना के तहत मिलेंगे इतने रुपये

नई दिल्ली, रफ्तार न्यूज डेस्क। महाराष्ट्र सरकार किसानों के लिए खुशखबरी लेकर आई है। नमो किसान निधि योजना को मंगलवार को महाराष्ट्र कैबिनेट ने मंजूरी दे दी। केंद्र सरकार की तरह ही इस कार्यक्रम के तहत भी महाराष्ट्र सरकार सालाना 6,000 रुपये सीधे किसानों के खातों में देगी।

केंद्र सरकार के तर्ज पर शिंदे सरकार भी देगी किसानों को पैसा

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि आज की कैबिनेट बैठक में किसानों के लिए कई फैसले किए गए। केंद्र सरकार ने किसानों को साल में 6,000 रुपये देने का फैसला किया और राज्य ने भी ऐसा ही किया है। राज्य सरकार किसानों के खातों में 6,000 रुपये ट्रांसफर करेगी।

नई टेक्सटाइल पॉलिसी को मंजूरी

कपास उगाने वाले क्षेत्र में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने एक नई कपड़ा नीति को भी मंजूरी दी है। नतीजतन, सरकार ने 25,000 करोड़ रुपये के निवेश को आकर्षित करने की योजना तैयार की है।

कैबिनेट ने लिए ये फैसले

इसके अलावा महिला केंद्रित पर्यटन नीति से पर्यटन व्यवसाय में महिलाओं को अधिक अवसर दिया जाएगा। कैबिनेट ने फैसला कियै है कि सिल्लोड तालुका में मक्का अनुसंधान केंद्र स्थापित किया जाएगा। कैबिनेट द्वारा नई सूचना प्रौद्योगिकी समर्थन सेवा नीति को मंजूरी दी गई है। यह राज्य को देश में सूचना प्रौद्योगिकी में सबसे आगे लेकर जाएगी। इसमें 95 हजार करोड़ रुपये का निवेश आकर्षित करने की योजना है।