महिलाओं के लिए भाजपा ने शुरू किया हेल्पलाइन नंबर
महिलाओं के लिए भाजपा ने शुरू किया हेल्पलाइन नंबर 
पश्चिम-बंगाल

महिलाओं के लिए भाजपा ने शुरू किया हेल्पलाइन नंबर

Raftaar Desk - P2

कोलकाता, 23 सितंबर (हि. स.)। पश्चिम बंगाल की आधी आबादी के बीच पैठ करने में जुटी भाजपा की महिला इकाई ने नई पहल की है। बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रदेश भाजपा महिला मोर्चा ने हेल्पलाइन नंबर शुरू किया है। यह नंबर है -9727294294. इसपर वाट्सएप करके महिलाएं अपनी समस्याएं बता सकती हैं। उसके बाद हेल्पलाइन नंबर से उनसे संपर्क करके मदद मुहैया कराई जाएगी। अगर महिलाओं के खिलाफ कोई आपराधिक वारदात होती है तो महिला मोर्चा की तरफ से संबंधित थाने में मामले की प्राथमिकी दर्ज कराकर पीड़िता को कानूनी सुरक्षा भी प्रदान की जाएगी। हेल्पलाइन नंबर पर मिस्ड कॉल करके महिला मोर्चा की सदस्य भी बना जा सकता है। महिला मोर्चा की अध्यक्ष अग्निमित्रा पाल ने कहा कि इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण कहा जा सकता है कि बंगाल की मुख्यमंत्री के एक महिला होने के बावजूद यहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं इसलिए हमारी तरफ से यह पहल की गई है। पिछले साढ़े नौ वर्षों से बंगाल में महिलाओं के खिलाफ आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। उनपर अत्याचार किया जा रहा है। पीड़ित महिलाएं हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें। हम उन्हें हर तरह की मदद मुहैया कराएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को शारीरिक रूप से सशक्त करने की भी पहल की जा रही है। महिला मोर्चा आगामी दो अक्टूबर से राज्य के सभी जिलों में 50-50 महिलाओं को मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण देने जा रही है। इससे महिलाएं शारीरिक रूप से सशक्त होंगी और संकट में पड़ने पर अपनी रक्षा खुद कर सकेंगी। उल्लेखनीय है कि बंगाल में महिलाओं के खिलाफ आपराधिक वारदातें सबसे ज्यादा होती रही हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा-hindusthansamachar.in