ममता के संरक्षण में बंगाल में पनप रहा है नक्सलवाद व आतंकवाद : विजयवर्गीय
ममता के संरक्षण में बंगाल में पनप रहा है नक्सलवाद व आतंकवाद : विजयवर्गीय 
पश्चिम-बंगाल

ममता के संरक्षण में बंगाल में पनप रहा है नक्सलवाद व आतंकवाद : विजयवर्गीय

Raftaar Desk - P2

कोलकाता, 25 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश भाजपा के केंद्रीय प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा आरोप लगाया है। विजयवर्गीय ने आरोप लगाया कि ममता सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। गाय तस्कर यहां तृणमूल कांग्रेस के लोग हैं। कोयला चोर टीएमसी के लोग हैं और आतंकवाद राज्य सरकार के संरक्षण में चल रहा है। नक्सलवाद राज्य सरकार के संरक्षण में पल रहा है। उसकी मोह में ममता जी इतनी बंध गयी हैं कि प्रदेश में आराजकता है, वह उन्हें दिखायी नहीं दे रही है और इसीलिए तुष्टिकरण की नीति के कारण आतंकवादी यहां तक पनाह ले रहे हैं। विजयवर्गीय शुक्रवार को नदिया जिले के चाकदह चौरास्ता के समीप एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश की आतंरिक सुरक्षा खतरे में है। नक्सलवादियों की जमानत कराकर कर उन्हें महिमामंडित करना, उन्हें पुलिस के संरक्षण में क्षेत्र में आतंक फैलाने की छूट देना यह कोई भी समझदार व्यक्ति नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया, "भतीजे ने यहां ट्रांसफर उद्योग खोल रखा है। वहीं, मुख्यमंत्री का सपना देखते हुए अपने ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का अपमान करना आरंभ कर दिया है। इसीलिए पार्टी में अच्छे हालात नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव के बाद तृणमूल कांग्रेस के नेताओं व खुद ममता बनर्जी का आत्मविश्वास इतना टूट गया है कि चुनाव लड़ने के लिए वह बिहार की एजेंसी की मदद ले रही है और एजेंसी में बिहार के लोग यहां पर सरकार पर नियंत्रण करके सीनियर नेताओं को दिशा-निर्देश दे रहे हैं और यही कारण ही टीएमसी में भगदड़ मची है। उन्होंने कहा कि जनता अपने को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है और स्वयं ममता भी अपने खुद सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं। उल्लेखनीय है कि आठ अक्तूबर को प्रस्तावित नबान्न अभियान के समर्थन में वे यहां सभा कर रहे थे। इस मौके पर पार्टी के केंद्रीय कमेटी के सदस्य मुकुल राय, सांसद व युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सौमित्र खां व विधायक शुभ्रांशु राय उपस्थित थे। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश-hindusthansamachar.in