siliguri-municipal-corporation39s-cleaning-workers-strike-continues-for-third-day
siliguri-municipal-corporation39s-cleaning-workers-strike-continues-for-third-day 
पश्चिम-बंगाल

सिलीगुड़ी नगर निगम के सफाई कर्मचारियों का हड़ताल तीसरे दिन भी जारी

Raftaar Desk - P2

पर्यटन मंत्री के साथ बैठक से किया इंकार सिलीगुड़ी, 19 फरवरी (हि.स.)। सिलीगुड़ी नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के हड़ताल का शुक्रवार को तीसरा दिन है। आज भी सुबह से अपनी मांगों के समर्थन में काम बंद कर सफाई कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे हैं। इधर सफाई कर्मचारियों के हड़ताल की वजह से शहर की स्थिति बदहाल हो गयी है। शहर के प्रमुख स्थानों पर कचरे का अंबार लग गया है। उधर राज्य के पर्यटन मंत्री गौतम देव ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए एडीएम के माध्यम से आज उत्तर बंगाल सफाई कर्मचारी समिति को बैठक के लिये बुलाया था। लेकिन उत्तर बंगाल सफाई कर्मचारी समिति के अध्यक्ष किरण राउत ने मंत्री के साथ बैठक नहीं करने का फैसला लिया है। किरण राउत ने कहा कि इस मामले में वे सीधे राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हकीम अथवा राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ बैठक करेंगे। दूसरी तरफ गुरुवार को सिलीगुड़ी नगर निगम में सफाई कर्मचारियों के साथ सिलीगुड़ी नगर निगम के प्रशासक अशोक भट्टाचार्य एवं कमिश्नर सोनम वांग्दी भूटिया ने बैठक की थी जो बेनतीजा रही । उल्लेखनीय है कि उत्तर बंगाल सफाई कर्मचारी पिछले तीन दिनों से दस सूत्री मांगों के समर्थन में हड़ताल पर है। जिनमे प्रमुख मांग सफाई कर्मियों का न्यूनतम वेतन 18 हजार रुपये, नो वर्क नो पे को बंद करने एवं स्थायीकरण शामिल है। हिन्दुस्थान समाचार /सचिन/मधुप