many-new-faces-in-mamta39s-cabinet-sworn-in-on-monday
many-new-faces-in-mamta39s-cabinet-sworn-in-on-monday 
पश्चिम-बंगाल

ममता मंत्रिमंडल में कई नए चेहरे, सोमवार को शपथ ग्रहण

Raftaar Desk - P2

कोलकाता, 09 मई (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद तीसरी बार राज्य की सीएम बनी ममता बनर्जी के नये मंत्रियों की कल यानी सोमवार को शपथ दिलाई जाएगी। नए मंत्रियों को सुबह 11 बजे राज्य विधानसभा में शपथ दिलाई जाएगी। इसके साथ ही नवनिर्वाचित सरकार की कैबिनेट की पहली बैठक दोपहर तीन बजे होगी। सूत्रों के अनुसार सीएम ममता बनर्जी गृह, स्वास्थ्य और वित्त विभाग खुद अपने पास रख सकती हैं, जबकि पूर्व मंत्री अमित मित्रा को वित्त विभाग के सलाहकार परिषद का प्रमुख बनाया जा सकता है या योजना आयोग की तर्ज पर एक संस्था बनायी जा सकती है। ममता बनर्जी खुद वित्त विभाग अपने पास रख सकती हैं और इसके अलावा एक राज्य मंत्री को रखा जाएगा। पुराने और नये का होगा समिश्रण यह कैबिनेट पुराने और नए चेहरों को मिलाकर बनाए जाने की संभावना है। पार्थ चटर्जी, फिरहाद हकीम, अरुप विश्वास, सुब्रत मुखर्जी, शोभनदेव चटर्जी जैसे पुराने चेहरे मंत्रिमंडल तो रहेंगे ही। सुशांत महतो, बीरबा हांसदा, जून मालिया या राज चक्रवर्ती जैसे नए चेहरों को भी मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है। परिवहन विभाग मदन मित्रा को, चंद्रिमा भट्टाचार्य को स्वास्थ्य राज्य मंत्रालय, शिक्षा विभाग ब्रात्य बसु या माणिक भट्टाचार्य को, सिंचाई मंत्री मानस भुइयां को, पश्चिमी विकास मंत्री बिरबा हांसदा को, पर्यटन मंत्री इंद्रनील सेन को और खेल राज्य मंत्री मनोज तिवारी को बनाया जा सकता है। खाद्य मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक के विभाग में फेरबदल हो सकती है। चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी ने घर-घर तक राशन पहुंचाने का वादा किया है। ममता बनर्जी ने प्रत्येक जिले से कम से कम एक प्रतिनिधि रखने का फैसला किया है। मुर्शिदाबाद और मालदा के लोगों ने इस साल ममता बनर्जी का समर्थन किया है। उस स्थिति में इन दोनों जिलों के चार मंत्रियों को जगह मिलने की संभावना है। मालदा से सावित्री मित्रा और सबीना यास्मीन और मुर्शिदाबाद से सुब्रत साहा और अपूर्वा के सरकार में मंत्री बनने की संभावना है। अखिल गिरी, जिन्हें पूूूर्व मेदिनीपुर के शुभेंदु अधिकारी परिवार के मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में जाना जाता है, को मंत्रिमंडल में जगह मिलने की संभावना है। दक्षिण 24 परगना में, तृणमूल कांग्रेस ने 31 में से 30 सीटें जीती हैं, इसलिए कुछ नए चेहरे भी वहां से आ सकते हैं। कैनिंग के पूर्व विधायक सैकत मोल्ला मंत्री हो सकते हैं। बिष्णुपुर विधायक दिलीप मंडल को भी कैबिनेट में लाया जा सकता है। मेखलीगंज से परेश चन्द्र अधिकारी उत्तर बंगाल के विकास मंत्री हो सकते हैं। प्रदीप बर्मन जलपाईगुड़ी से मंत्री हो सकते हैं। गुलाम रब्बानी उत्तर दिनाजपुर से मंत्री हो सकते हैं। बिप्लब मित्र दक्षिण दिनाजपुर से मंत्री हो सकते हैं और स्नेहाशीस चक्रवर्ती हुगली से मंत्री हो सकते हैं। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा