mamta-in-bankura-today-gautam-gambhir39s-public-meetings
mamta-in-bankura-today-gautam-gambhir39s-public-meetings 
पश्चिम-बंगाल

ममता आज बांकुड़ा में, गौतम गंभीर की भी जनसभाएं

Raftaar Desk - P2

कोलकाता, 22 मार्च (हि.स.)। चुनाव की दहलीज पर खड़े पश्चिम बंगाल में राजनीतिक रस्साकशी तेज है। सरकार गठन की कवायद में जुटी भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेताओं ने बंगाल में लगातार जनसभाएं करना जारी रखा है। इधर सत्तारूढ़ पार्टी तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो ममता बनर्जी लगातार अपने उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभाएं कर रही हैं। आज बांकुड़ा जिले में मुख्यमंत्री की तीन जनसभाएं होनी हैं। इधर भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद और मशहूर क्रिकेटर गौतम गंभीर बंगाल में उम्मीदवारों के समर्थन में जनसभाएं करने वाले हैं। प्रदेश भाजपा की ओर से बताया गया है कि बांकुड़ा के गंगाजलघाटी और पुरुलिया के संथालडीही में गौतम गंभीर रैली करने वाले हैं। माना जा रहा है कि एक दिन पहले बंगाल दौरे पर आए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह द्वारा लगाए गए आरोपों का जवाब ममता इन जनसभाओं में दे सकती हैं। इसके अलावा भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र में महिलाओं को सार्वजनिक परिवहन में मुफ्त यात्रा, सरकारी नौकरी में 33 फ़ीसदी आरक्षण समेत कई लोकलुभावन वादे किए गए हैं। इस पर भी मुख्यमंत्री पलटवार कर सकती हैं। खास बात यह है कि ममता बनर्जी विधानसभा चुनाव को बंगाली अस्मिता से जोड़कर भारतीय जनता पार्टी को हिंदी भाषियों की पार्टी के तौर पर दिखाने की कोशिश कर रही थीं। हालांकि अमित शाह ने अपने घोषणा पत्र में स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा की सरकार बनने के बाद बांग्ला को संयुक्त राष्ट्र की आधिकारिक भाषा बनाने की पहल की जाएगी। इसके अलावा पत्राचार की भाषा में भी बांग्ला को अनिवार्य करने तथा प्राथमिक से लेकर बोर्ड की क्लासेज तक बांग्ला की पढ़ाई को अनिवार्य करने का वादा किया है। इन तमाम घोषणाओं पर ममता बनर्जी पलटवार कर सकती है। हिन्दुस्थान समाचार / ओम प्रकाश/ प्रभात ओझा