body-of-another-bjp-worker-recovered-in-bengal-tense
body-of-another-bjp-worker-recovered-in-bengal-tense 
पश्चिम-बंगाल

बंगाल में भाजपा के एक और कार्यकर्ता का शव बरामद, तनाव

Raftaar Desk - P2

कोलकाता, 05 अप्रैल (हि.स.)। चुनावी समर से गुजर रहे पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। अब उत्तर दिनाजपुर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता का फंदे से लटका हुआ शव बरामद किया गया है। उसकी पहचान सत्यजीत सिंह (22) के रूप में हुई है। वह जिले के दालखोला क्षेत्र अंतर्गत करणदीघी के बजगांव एक नंबर पंचायत के बिगुवा का रहने वाला था। परिवार के सदस्यों ने बताया है कि रविवार दोपहर आखरी बार बात हुई थी उसके बाद तृणमूल कांग्रेस के कुछ लोग दुकान पर आए थे और उसे बुलाकर अपने साथ ले गए थे। इसके बाद उसका फोन बंद जाने लगा था। सोमवार सुबह उसके घर के पास बांस की झाड़ी से उसका शव फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ है। परिजनों ने सत्तारूढ़ पार्टी पर हत्या का आरोप लगाया है। जबकि प्रदेश भाजपा के आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप में बताया गया है कि सत्यजीत की हत्या के बाद उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से काम दिया गया है। पार्टी ने कहा है कि जनता इसका हिसाब करेगी। घटना को लेकर सोमवार को इलाके में तनाव का माहौल है। जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। पुलिस ने सावधानी बरतते हुए तैनाती बढ़ा दी है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में चुनाव के बीच विपक्षी भाजपा के कई कार्यकर्ताओं को मौत के घाट उतारा जा चुका है। हिन्दुस्थान समाचार/ओम प्रकाश/गंगा