BJP demands judicial inquiry into Bagbazar fire
BJP demands judicial inquiry into Bagbazar fire 
पश्चिम-बंगाल

भाजपा ने की बागबाजार अग्निकांड की न्यायिक जांच की मांग

Raftaar Desk - P2

कोलकाता, 14 जनवरी (हि. स.)। महानगर कोलकाता की बागबाजार बस्ती में बुधवार रात लगी आग में 150 से अधिक झोपड़िया जलकर खाक होने की न्यायिक जांच की मांग भाजपा ने की है। पार्टी के राज्य महासचिव राहुल सिन्हा ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा किया और अग्निकांड से पीड़ित हुए लोगों से बातचीत की। इसके बाद मीडिया से मुखातिब होकर सिन्हा ने कहा कि बस्ती में आग लगाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। इसलिए इसके रहस्योद्घाटन हेतु हाईकोर्ट के सेवारत न्यायाधीश से इसकी न्यायिक जांच कराए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि न्यायाधीश के नेतृत्व में विशेषज्ञों की कमेटी गठित की जानी चाहिए। सिन्हा ने अग्नि कांड पीछे बड़े षड्यंत्र की ओर इशारा करते हुए कहा कि कोलकाता में गरीबों की बस्ती उजाड़ने के लिए आग लगाने का खेल खेला जाता है। गरीबों की बस्तियां जब जलकर खाक हो जाती हैं तो वहां मल्टीस्टोरीड बिल्डिंग तैयार की जाती है। उन्होंने राज्य की ममता सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यहां रहने वाला कोई भी बाशिंदा कहीं और शिफ्ट नहीं होगा। लोगों को उनकी जगह पर ही पक्का मकान तैयार कर देना होगा। अगर बंगाल सरकार ऐसा नहीं करती है तो भाजपा उनके लिए मकान तैयार करेगी। उल्लेखनीय है कि बुधवार रात सात बजे के करीब बागबाजार के हजारी बस्ती में आग लग गई थी। यहां करीब 150 झोपड़िया जलकर खाक हो गई हैं जिनमें रहने वाले करीब 700 लोग बेघर हो गए हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इन लोगों को मकान बनाकर देने का आश्वासन दिया है। साथ ही इनके रहने खाने की व्यवस्था तब तक करने का निर्देश दिया है। हिन्दुस्थान समाचार/ ओम प्रकाश/गंगा-hindusthansamachar.in