रुद्रपुर (उधमसिंह नगर), 29 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड की भाजपा सरकार पर जनविरोधी व तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए किच्छा कांग्रेस नगर अध्यक्ष तथा ब्लॉक अध्यक्ष ने मुंडन करा कर अपना विरोध जताया। बुधवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। किच्छा के महाराणा प्रताप चौक पर एकत्र हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते प्रदर्शन किया और सरकार की नीतियों की आलोचना की। सरकार की नीतियों के खिलाफ कांग्रेस नगर अध्यक्ष अरुण तनेजा तथा ब्लॉक अध्यक्ष गुड्डू तिवारी ने मुंडन कराकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। इस मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष नारायण सिंह बिष्ट ने कहा कि भाजपा शासन में किसान, मजदूर, व्यापारी सहित आम जनता परेशान है। सरकार महंगाई पर अंकुश लगाने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। उन्होंने कहा कि आएदिन पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ने से देश में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है, जिसका सीधा असर सब्जी, खाद्य सामग्री तथा खाने-पीने के सामान पर पड़ने से लगातार महंगाई में वृद्धि हो रही है। इस मौके पर पूर्व ग्राम प्रधान दलीप सिंह बिष्ट, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता जितेंद्र सिंह संधू, मंगली प्रसाद गंगवार, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष राजकुमार बजाज, नगर संगठन महामंत्री फिरदौस सलमानी, विनोद कोरंगा, कांग्रेस नगर उपाध्यक्ष अक्षय बाबा, अर्जुन सिंह, पूर्व सभासद धनीराम, राजेंद्र सिंह, गुरप्रीत सिंह पोला, विजय सक्सेना, पीयूष गंगवार, उदय सिंह, रवि कुमार आदि मौजूद थे। हिन्दुस्थान समाचार / विजय आहूजा-hindusthansamachar.in