दीपावली पर्व पर नियमों की उड़ी धज्जियां ,रातभर हुई जमकर आतिशबाजी
दीपावली पर्व पर नियमों की उड़ी धज्जियां ,रातभर हुई जमकर आतिशबाजी 
उत्तराखंड

दीपावली पर्व पर नियमों की उड़ी धज्जियां ,रातभर हुई जमकर आतिशबाजी

Raftaar Desk - P2

ऋषिकेश, 15 नवम्बर (हि.स.)। रात 10 बजे के बाद प्रतिबंध होने के बावजूद तीर्थ नगरी ऋषिकेश में रातभर जमकर आतिशबाजी हुई। आधी रात को पटाखे जलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में लोग कैमरे में कैद हो गए। रमणीक रामझूला एवं लक्ष्मण झूला क्षेत्र में स्थानीय लोगों के साथ विदेशियों ने भी दिवाली पर जमकर पटाखे जलाए। इस दौरान पुलिस की सख्ती नहीं दिखाई दी। शहर से सटे ग्रामीण इलाके में भी लोगों ने आतिशबाजी की। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक एवं पर्यटन नगरी ऋषिकेश में प्रकाश व उल्लास का पर्व दीपावली खुशनुमा माहौल में सम्पन्न हो गया। लोगों ने दीपावली के अवसर पर घर व दुकानों को सजाकर लक्ष्मी व गणेश की पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कामना की। एक-दूसरे को मिठाइयां बांटकर आपसी प्रेम को उजागर किया।आतिशबाजी के नजारे रात भर चलते रहे। बच्चे-जवान सभी ने दीपावली अपने-अपने अंदाज में मनाया। बच्चे जहां फूलझड़ी जलाकर हैप्पी दिवाली का शोर मचा रहे थे वहीं जोरदार आवाज वाले पटाखे भी दीपावली का अहसास करा रहे थे। दीपावली पर खर्च की बात करें तो एक रात में लोगों ने तकरीबन एक करोड़ के पटाखे फूंक डाले। इस पर्व पर फूलों का व्यवसाय भी जोरदार रहा। हिन्दुस्थान समाचार /विक्रम-hindusthansamachar.in