yukana-demonstrated-against-bjp-district-general-secretary
yukana-demonstrated-against-bjp-district-general-secretary 
उत्तराखंड

भाजपा जिला महामंत्री के खिलाफ युकां ने किया प्रदर्शन

Raftaar Desk - P2

हरिद्वार, 24 फरवरी (हि.स.)। थोक केंद्रीय उपभोक्ता भंडार हरिद्वार के चेयरमैन व भाजपा जिला महामंत्री विकास तिवारी पर पूर्व राशन विक्रेता के भाई द्वारा लगाए गए आरोप से आक्रोशित युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दूधाधारी चौक पर युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष आकाश भाटी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन करते हुए आरोपित भाजपा नेता को थोक केन्द्रीय उपभोक्ता भंडार के चेयरमैन पद से हटाने की मांग की। महानगर अध्यक्ष आकाश भाटी ने कहा कि लक्सर के पूर्व राशन विक्रेता सचिन कुमार व उसके भाई पद्म कुमार द्वारा थोक केन्द्रीय उपभोक्ता भंडार के चेयरमैन पर नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की वसूली के आरोप लगाये हैं, उससे साबित होता है कि भारतीय जनता पार्टी आकण्ठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि चेयरमैन को तुरन्त बर्खास्त किया जाए। युवा कांग्रेस महानगर उपाध्यक्ष ओम मलिक एवं सेवादल अध्यक्ष नितिन यादव यदुवंशी ने आरोप लगाया कि संविदा कर्मियों को पक्का करने के नाम पर भाजपा नेता लाखों रुपये ले रहे हैं। प्रदेश की जनता भाजपा के भ्रष्टाचार से त्रस्त हो गयी है। पार्षद कैलाश भट्ट ने कहा कि इस मामले की जांच करवानी चाहिए। प्रदर्शन में मुख्य रूप से जिला युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष शिवम गिरी, सोशल मीडिया विधानसभा अध्यक्ष वेदांत उपाध्याय, कारण सिंह राणा, शरत शर्मा, नितिन शर्मा, शिवकुमार राजपूत, विशाल निषाद, गोविंद निषाद, अरुण निषाद, शानू गिरी, शुभम जोशी आदि ने हिस्सा लिया। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत/मुकुंद