Uttarakhand Congress constitutes 13 member committee for charge sheet
Uttarakhand Congress constitutes 13 member committee for charge sheet 
उत्तराखंड

उत्तराखंड कांग्रेस ने चार्जशीट के लिए 13 सदस्यीय कमेटी की गठित

Raftaar Desk - P2

देहरादून, 14 जनवरी (हि.स.)। उत्तराखंड कांग्रेस ने पूर्व विधायक नवप्रभात की अध्यक्षता में 13 सदस्यीय चार्जशीट कमेटी का गठन कर लिया है। यह कमेटी त्रिवेंद्र सरकार की चार साल की खामियों के खिलाफ आरोप पत्र तैयार करेगी। इसके साथ ही सांगठनिक दृष्टि से जिलों व सभी 70 विधानसभाओं के प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी गई। अब हर माह ब्लॉक, नगर, महानगर व जिले की अनिवार्य रूप से बैठकें आयोजित की जाएगी। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह अब नए वर्ष में नए नारे, संगठन व संघर्ष को साकार करने के लिए जुट गए हैं। पिछले दिनों सीडब्ल्यूसी सदस्य व प्रदेश कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव के तीन दिवसीय दौरे के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने राज्य के सभी जिलों व विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों को प्रभारी के रूप में जिम्मेदारियां सौंपी हैं। राज्य की त्रिवेंद्र सरकार की नाकामियों को जनता के बीच ले जाने के लिये एक 13 सदस्यीय चार्ज शीट कमेटी का गठन भी किया गया है। पार्टी मुख्यालय राजीव भवन में प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने पत्रकारों को बताया कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने पार्टी हाई कमान के निर्देशानुसार प्रदेश उपाध्यक्षों को जिलों के प्रभार की जिम्मेदारी दी है। इसी के साथ चार्जशीट के लिए पूर्व मंत्री नवप्रभात की अध्यक्षता में 13 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है जो वर्तमान भाजपा सरकार की विफलता को आरोप पत्र के रूप में कांग्रेस कार्यकर्ता राज्यभर में ले जाएंगे। चार्जशीट कमेटी में पूर्व मंत्री नवप्रभात अध्य्क्ष, उप नेता कांग्रेस विधानमंडल करण माहरा, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, पूर्व मंत्री तिलक राज बेहड़, पूर्व विधायक अम्बरीष कुमार, पूर्व विधायक मनोज तिवारी, प्रदेश उपाध्यक्ष एसपी सिंह इंजीनियर, प्रदेश उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, प्रदेश उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट, मोहम्मद अकरम अध्यक्ष नगर पालिका रामनगर, प्रदेश महामंत्री प्रोफेसर बलवंत सिंह व प्रदेश महामंत्री आनंद सिंह रावत का नाम है। हिन्दुस्थान समाचार/राजेश-hindusthansamachar.in