5 अगस्त को देवप्रयाग में श्रीराम दीपोत्सव
5 अगस्त को देवप्रयाग में श्रीराम दीपोत्सव  
उत्तराखंड

5 अगस्त को देवप्रयाग में श्रीराम दीपोत्सव

Raftaar Desk - P2

नई टिहरी, 01 अगस्त (हि.स.)। श्रीराम जन्म भूमि मंदिर शिलान्यास के अवसर पर 5 अगस्त को भगवान राम की तपोस्थली देवप्रयाग में श्रीराम दीपोत्सव मनाया जाएगा। इस मौके पर तीर्थनगरी स्थित प्राचीन श्री रघुनाथ मंदिर को विशेष तौर पर दीयों से सजाया जाएगा। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या में मंदिर निर्माण की शुरुआत से देवप्रयाग तीर्थवासी काफी उत्साहित हैं। तीर्थपुरोहित समाज अपने आराध्य भगवान रघुनाथ की जन्मभूमि अयोध्या में उनके भव्य मंदिर की शुरुआत पर श्रद्धा आस्था से सरोबार हैं। इसको देखते हुए आगामी 5 अगस्त को अलकनंदा-भागीरथी संगम स्थल देवप्रयाग में दीपोत्सव मनाया जाएगा। हर तीर्थवासी अपने घर मे दीप जलाकर भगवान रघुनाथ को समर्पित करेगा। युवा तीर्थपुरोहितों ने इस पावन कार्य में हर तीर्थवासी से भागीदारी करने का अनुरोध किया है। श्री बदरीश युवा पुरोहित संगठन इस अवसर पर भगवान रघुनाथ मंदिर को दीयों से जगमगाएगा। संगठन सदस्य गौरव पंचभैया का कहना है कि 5 अगस्त पूरे देश के लिए एक ऐतिहासिक दिवस है। देवप्रयाग तीर्थ भगवान राम से जुड़ा पावन स्थल है। ऐसे में इस दिन पूरे तीर्थ में राम दीपोत्सव मनाए जाने का निर्णय किया गया है। हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल/मुकुंद-hindusthansamachar.in