important-role-of-birds-in-environmental-protection-vk-gangte
important-role-of-birds-in-environmental-protection-vk-gangte 
उत्तराखंड

पर्यावरण संरक्षण में पक्षियों का अहम रोलः वीके गांगटे

Raftaar Desk - P2

नई टिहरी, 31 मार्च (हि.स.)। जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज थांगधार में अपर वन संरक्षक वीके गांगटे और डीएफओ डॉ. कोको रोसो की मौजूदगी में पर्यावरण संरक्षण और बर्ड वाचिंग पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम से पहले स्कूल छात्रों को प्रशिक्षित गाइड जितेंद्र कुमार ने डांडाचली रौनीचौरी क्षेत्र में बर्ड वाचिंग करवाई। छात्रों को बर्ड वाचिंग के गुर भी सिखाये। मुख्य अतिथि मौजूद वीके गांगटे ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में पक्षियों का अहम रोल है। बर्ड वाचिंग स्वरोजगार का बेहतर जरिया भी बन सकता है। उन्होंने कहा कि छात्र अपने भविष्य के प्रति जागरूक हों और प्रकृति के संरक्षण की दिशा में काम करें। डीएफओ डा. कोको रोसे ने कहा कि बर्ड वाचिंग मनोरंजक कृत्य होने के साथ ही पक्षियों की पर्यावरण में महत्ता समझने की विद्या भी है। उन्होंने कहा कि इस मौसम में पक्षी मैदान से पहाड़ी की ओर बढ़ते हैं, लगभग 60 तरह की प्रजातियों के पक्षियों को इस समय पहाड़ पर देखा जा सकता है। डीएफओ ने कूड़े के निस्तारण, जैविक और अजैविक अपशिष्टों को अलग अलग कर उनका उचित निस्तारण करने, पर्यावरण संरक्षण के लिए परिवार के सदस्यों को जागरूक करने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया। विद्यालय के अनुरोध पर अपर वन संरक्षक व डीएफओ ने विद्यालय और वन विभाग के बीच भूमि सीमांकन के मामले के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिया। इस मौके पर वन विभाग ने बर्ड्स ऑफ इंडिया, बटर फ्लाइज ऑफ उत्तराखंड, बर्ड्स ऑफ इंडियन सबकॉन्टिनेंट, जिम कॉर्बेट की पुस्तक मेरा हिंदुस्तान, ट्रीज ऑफ इंडिया नामक पुस्तकें और बर्ड वाचिंग के लिए दो दूरबीन विद्यालय के प्रधानाचार्य को भेंट की गईं। कार्यक्रम को विद्यालय के इको क्लब प्रभारी प्रवीण चौहान और समन्वयक सुरेश रतूड़ी भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन सुशील तिवाड़ी ने किया। कार्यक्रम में रेंजर आशीष डिमरी, राजेश रमोला, शेर सिंह पुंडीर, वन दरोगा अजयपाल पंवार, दिनेश चंद्र, भरत सिंह नेगी आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/प्रदीप डबराल/मुकुंद