government-is-throwing-dust-in-people39s-eyes-surendra-singh-negi
government-is-throwing-dust-in-people39s-eyes-surendra-singh-negi 
उत्तराखंड

लोगों की आंखों में धूल झोंक रही सरकारः सुरेंद्र सिंह नेगी

Raftaar Desk - P2

पौड़ी, 17 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने बुधवार को कहा कि राज्य सरकार जनता की आंखों में धूल झोंक रही है। प्रदेश में बीते चार साल में एक भी विकास कार्य नहीं हुआ है। युवा रोजगार के लिए तरस रहे हैं। जनता भ्रष्टाचार से त्रस्त है। राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। नेगी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि चुनाव के समय भाजपा ने जनता से कई बड़े वादे किए थे। चार साल बीत गए पर एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। इन चार सालों में प्रदेश में महंगाई और बेरोजगारी में बेतहाशा बढ़ोतरी हुई है। सरकार रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम रही। भर्ती पर रोक लगाकर बेरोजगारों के साथ मजाक किया जा रहा है। प्रदेश में सीएम बदलने पर उन्होंने कहा कि चार साल तक प्रदेश सरकार ने कोई काम नहीं किया। अब जनता का ध्यान भटकाने के लिए यह किया गया है। प्रदेश सरकार ने पूर्ववर्ती सरकार के सभी विकास कार्यों पर रोक लगा दी है। प्रदेश में सड़कों की स्थिति खराब है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में अभी से वनाग्नि की घटनाएं सामने आ रही हैं। प्रदेश सरकार हवा-हवाई दावे कर रही है। जनता सरकार की नीतियों से परेशान है। जनता के सामने सरकार का असली चेहरा सामने आ गया है। आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भारी बहुमत से जीत हासिल करेगी। इस मौके पर कोटद्वार मेयर हेमलता नेगी, जिलाध्यक्ष कामेश्वर राणा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष कमला रावत, जिलामहामंत्री वीरप्रताप आर्य, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष गौरव सागर, नितिन बिष्ट, भरत सिंह आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/मुकुंद