ganesh-joshi-has-targeted-trivendra-rawat
ganesh-joshi-has-targeted-trivendra-rawat 
उत्तराखंड

गणेश जोशी ने त्रिवेंद्र रावत पर साधा निशाना

Raftaar Desk - P2

देहरादून, 12 मई (हि.स.)। पूर्व फौजी एवं पहली बार मंत्री बने गणेश जोशी ने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत पर कोरोना के मसले पर निशाना साधा है। जोशी ने कहा है कि 'राज्य सरकार को इस बात का अंदाजा ही नहीं था कि कोरोना की दूसरी लहर भी आ सकती है'। यह बयान देकर उन्होंने अपने पुराने मुख्यमंत्री को घेरा है। गणेश जोशी ने यह भी कहा कि त्रिवेंद्र सरकार में कोरोना को लेकर बड़ी लापरवाही हुई और वह समय पर सही व्यवस्था रखते तो ऐसे दिन न देखने पड़ते। हिमालयी राज्यों में सबसे अधिक मृत्यु दर उत्तराखंड में है। उत्तराखंड में प्रति लाख पर मरने वालों की संख्या करीब 37 है। पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में यह मात्र आठ और हिमाचल प्रदेश में 28 है। इसी पर उन्होंने पूर्व सरकार पर निशाना साधा था। इन दोनों नेताओं के बीच का विवाद 2017 से है। तब त्रिवेंद्र रावत मुख्यमंत्री बने थे। मसूरी विधायक गणेश जोशी को उम्मीद थी कि उन्हें मंत्रालय मिलेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। तीरथ सरकार ने गणेश जोशी को मंत्री बना दिया। और अब गणेश जोशी ने त्रिवेंद्र रावत पर निशाना साध दिया है। गणेश जोशी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आरती करने के मामले पर चर्चा में आए थे। उन्होंने कहा था कि मैं नरेन्द्र मोदी की भगवान की तरह पूजा करता हूं। इससे पहले मार्च 2016 में कांग्रेस के विरुद्ध निकाले गए जुलूस में गणेश जोशी की लाठी के कारण एक घोड़े का पैर टूट गया था। इस पर उनकी आलोचना हुई थी। भाजपा सरकार आते ही गणेश जोशी के खिलाफ मुकदमा वापस ले लिया गया। त्रिवेंद्र रावत ने गणेश जोशी की टिप्पणी को उनकी अनुभवहीनता बताया है। हिन्दुस्थान समाचार/ साकेती