Dr. Patil inspects Nainital Zoo in view of bird flu
Dr. Patil inspects Nainital Zoo in view of bird flu 
उत्तराखंड

बर्ड फ्लू के दृष्टिगत डॉ.. पाटील ने किया नैनीताल चिड़ियाघर का निरीक्षण

Raftaar Desk - P2

नैनीताल, 16 जनवरी (हि.स.)। नैनीताल चिड़ियाघर यानी नैनीताल प्राणी उद्यान में शनिवार को मुख्य वन संरक्षक कुमाऊं डॉ. तेजस्विनी अरविन्द पाटील ने बर्ड फ्लू के संबंध में किये जा रहे उपाय व रोकथाम आदि की व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने इस संबंध में किए जा रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया तथा पर्यटकों की सुरक्षा की दृष्टि से प्राणी उद्यान में प्रवेश करने पर सेनेटाइजर व मास्क आदि का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने प्राणी उद्यान के कीपरों को किसी भी पर्यटक को वन्य प्राणियों के बाडे़ व रेलिंग को छूने से रोकने को कहा। उन्होंने नैनीताल प्राणी उद्यान एवं नैनीताल वन प्रभाग के अंर्तगत सभी वन क्षेत्रों में बर्ड फ्लू की रोकथाम व जागरूकता के लिए समय-समय पर कार्यशाला का आयोजन करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान वन संरक्षक दक्षिणी कुमाऊं वृत्त कुबेर सिंह बिष्ट, वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. हिमांशु पांगती, वन क्षेत्राधिकारी अजय रावत, उप वन क्षेत्राधिकारी दीपक कुमार तिवारी, धरम सिंह बोनाल, खजान चन्द्र मिश्रा, पुष्कर मेहरा, राजेंद्र जोशी व अतुल कुमार सहित प्राणी उद्यान के सभी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। हिन्दुस्थान समाचार/डॉ.नवीन जोशी/मुकुंद-hindusthansamachar.in