distribution-of-masks-sanitizers-and-oximeters
distribution-of-masks-sanitizers-and-oximeters 
उत्तराखंड

मास्क, सैनिटाइजर एवं ऑक्सीमीटर का वितरण

Raftaar Desk - P2

रुद्रप्रयाग, 10 जून (हि.स.)। हंस एवं समूण फाउंडेशन की ओर से क्षेत्र पंचायत सदस्य घिमलोली अर्जुन सिंह नेगी के सहयोग से ग्राम पंचायत घिमतोली व क्यूड़ी के विभिन्न क्षेत्रों में मास्क, सैनिटाइजर व ऑक्सीमीटर वितरित किये गये तथा ग्रामीणों को मास्क पहनने व सोशल दूरी रखने की सलाह दी गयी। बता दें कि हंस फाउंडेशन व समूण फाउंडेशन की ओर से ग्राम पंचायत घिमलोली के ग्वांस, स्वांरी, झूणी, बगोठी, ग्वाड, सिमारताल तथा ग्राम पंचायत क्यूड़ी के कालिकानगर, क्यूड़ी, कांडा, खडपतियाखाल, ढौंढिक सहित दोनों ग्राम पंचायतों के विभिन्न तोकों में मास्क, सैनिटाइजर व आक्सीमीटर वितरित किये गये। क्षेत्र पंचायत सदस्य घिमलोली अर्जुन सिंह नेगी ने बताया कि दोनों फाउंडेशन के सहयोग से सभी तोकों में मास्क, सैनिटाइजर व ऑक्सीमीटर वितरित किये गये हैं तथा जिन ग्रामीणों तक मास्क व सैनिटाइजर नहीं पहुंचे हैं, उन्हें शीघ्र मास्क व सैनिटाइजर वितरित किये जाएंगे। दोनों फाउंडेशनों द्वारा सीमान्त ग्राम पंचायतों को मास्क, सैनिटाइजर व ऑक्सीमीटर वितरित कर सराहनीय कार्य किया गया है। मास्क, सैनिटाइजर वितरण के साथ ही ग्रामीणों को वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण की गहनता से जानकारी दी जा रही है और ग्रामीणों को मास्क का प्रयोग करने, सामाजिक दूरी रखने तथा प्रदेश सरकार की गाइडलाइन का पालन करने का आह्वान किया गया। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा भी समय-समय पर ग्रामीणों को वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के बचाव के लिए अनेक सुझाव दिये जा रहे हैं तथा आगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ता भी घर-घर जाकर प्रदेश सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन के तहत कार्य कर ग्रामीणों को जानकारियां दे रहे हैं। हिन्दुस्थान समाचार/रोहित