congress-workers-demonstrated-on-the-quality-of-road-construction
congress-workers-demonstrated-on-the-quality-of-road-construction 
उत्तराखंड

सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

Raftaar Desk - P2

हरिद्वार, 11 फरवरी (हि.स.)। महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं ने कनखल चौक पर सड़क निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए शहरी विकास मंत्री व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह लग रहे हैं। कुछ दिन पूर्व कटहरा बाजार की सड़क धंस गयी थी। अब कनखल चौक पर निर्माणाधीन सड़क का धसना भाजपा के जनप्रतिनिधियों की लापरवाही को दर्शा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में जमकर बंदरबांट की जा रही है। कमीशन के चक्कर में निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की अनदेखी की जा रही है। संजय अग्रवाल ने कहा कि शहरी विकास मंत्री व प्रशासन भी निर्माण कार्यों की कोई जांच नहीं कर रहे हैं। शहरवासियों की जांच से खिलवाड़ किया जा रहा है। नवनिर्मित सड़कें भी वाहनों का बोझ सहन नहीं कर पा रही हैं। कनखल ब्लाॅक अध्यक्ष शुभम अग्रवाल ने आरोप लगाते हुए कहा कि कुंभ निर्माण कार्यों के नाम पर खुले रूप से पैसे की लूट की जा रही है। उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर भाजपा जनप्रतिनिधि खरे नहीं उतर रहे हैं। निर्माण कार्यों पर लगातार प्रश्नचिन्ह लग रहे हैं। निर्माणदायी विभाग के खिलाफ कोई भी कार्यवाही नहीं की जा रही है। कमीशन के चक्कर में निर्माण कार्यों में जमकर घोटाला किया जा रहा है। आए दिन वाहन सड़कों पर पलट रहे हैं। कभी भी बड़ी दुघर्टनाएं हो सकती हैं। राज्य के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत जीरो टालरेंस की बात तो करते हैं लेकिन निर्माण कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार पर रोक नहीं लगाने में मुख्यमंत्री भी विफल साबित हो रहे हैं। मेयर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, ज्वालापुर नगर अध्यक्ष यशवंत सैनी ने कहा कि मंत्री मदन कौशिक व हरिद्वार सांसद निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर चुप्पी साधे हुए हैं। विभाग के अधिकारी बेलगाम होकर अनियोजित निर्माण करने में लगे हुए हैं। कनखल चौक पर नयी सड़क का धंसना सरकार की कारगुजारी को दर्शा रहा है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मटकी फोड़कर अपना रोष प्रकट किया। हिन्दुस्थान समाचार/रजनीकांत-hindusthansamachar.in