congress-leaders-thrashed-bjp-at-public-outrage-rally
congress-leaders-thrashed-bjp-at-public-outrage-rally 
उत्तराखंड

जन आक्रोश रैली में भाजपा पर गरजे कांग्रेस नेता

Raftaar Desk - P2

श्रीनगर, 14 मार्च (हि.स.)। श्रीनगर में कांग्रेस ने रविवार को जन आक्रोश रैली का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में गढ़वाल क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हिस्सेदारी की। इस मौके पर कांग्रेस नेताओं ने जमकर भाजपा पर निशाना साधा। जन आक्रोश रैली नगर का भ्रमण कर गोला पार्क में जनसभा में बदल गई। जनसभा को कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत आदि ने सम्बोधित किया। प्रदेश प्रभारी देवेन्द्र यादव ने कहा कि कुछ जादूगरों ने उत्तराखंड की भोली भाली जनता को छलने का कार्य किया है। भाजपा ने मुख्यमंत्री बदलकर अपनी चार साल की नाकामी दिखाई है। प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर विफल है। महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि भाजपा को सरकारें बदलने की आदत है। पूरे देश में इन्होंने जनता की चुनी हुई सरकार को हिलाया है। जब इन्हें कोई नहीं मिला तो अपने ही मुख्यमंत्री को बदल दिया है। रैली में नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश, मनोज रावत, काजी निजामुद्दीन, गणेश गोदियाल, सूर्यकांत धस्माना, नगर पालिका अध्यक्ष पूनम तिवारी, श्रीनगर के पूर्व विधायक गणेश गोदियाल, प्रदीप तिवाड़ी आदि मौजूद रहे। हिन्दुस्थान समाचार/राजीव/मुकुंद