Bird flu: ban on chicken and eggs in Nainital zoo
Bird flu: ban on chicken and eggs in Nainital zoo 
उत्तराखंड

बर्ड फ्लूः नैनीताल जू में चिकन और अंडे पर प्रतिबंध

Raftaar Desk - P2

नैनीताल, 06 जनवरी (हि.स.)। बर्ड फ्लू की देशव्यापी दहशत के बीच नैनीताल चिड़ियाघर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। नैनीताल चिड़ियाघर में एहतियातन वन्यजीवों के आहार से अंडा और चिकन पर पूर्ण रूप से रोक लगा दी गई है। जू में आने वाले पर्यटकों को प्रवेश द्वार पर सेनेटाइज किया जा रहा है। वन्य जीवों से दूरी बनाने को लेकर इंतजाम किए गए हैं। नैनीताल जू के वन क्षेत्राधिकारी अजय रावत ने बताया कि सेंट्रल जू अथॉरिटी ने देश के सभी चिड़ियाघरों को बर्ड फ्लू की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया है। साथ ही एहतिहात बरतने के लिए एडवाइजरी जारी की है। इसके बाद नैनीताल चिड़याघर में बंगाल टाइगर समेत अन्य वन्यजीवों के लिए चिकन प्रतिबंधित कर दिया गया है। अंडे पर भी रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि इसके अलावा चिड़ियाघर में आने वाले हर पर्यटक को प्रवेश द्वार में ही वन्य जीवों को निहारने के दौरान निश्चित दूरी बनाए रखने को कहा जा रहा है। बाड़े को नहीं छूने की सख्त हिदायत दी जा रही है। बाड़ों के आसपास सेनेटाइज करने के साथ ही साफ- सफाई की गई है। उन्होंने बताया कि चिड़ियाघर में फिजेंट्स और बर्ड की संख्या 167 है। बर्ड फ्लू के संक्रमण से बचाने के लिए चिकन, अंडे आदि को भोजन के मीनू से फिलहाल हटा दिया गया है। फिजेंट्स व बर्ड के बाड़े के बाहर पोस्टर चस्पा कर दिया गया है। इसमें पर्यटकों को जागरूक करने के लिए संदेश लिखे गए हैं। उन्होंने कहा कि संक्रमण की रोकथाम के लिए पुख्ता कदम उठाए गए हैं। कर्मचारियों की भी अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है। हिन्दुस्थान समाचार/नवीन जोशी/मुकुंद-hindusthansamachar.in