सात माह बाद पुनः खुले ज्ञान के मन्दिर, बच्चों में दिखा उत्साह
सात माह बाद पुनः खुले ज्ञान के मन्दिर, बच्चों में दिखा उत्साह  
उत्तर-प्रदेश

सात माह बाद पुनः खुले ज्ञान के मन्दिर, बच्चों में दिखा उत्साह

Raftaar Desk - P2

प्रयागराज, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जनपद के समस्त विद्यालयों में कक्षा नौ से बारह तक की पढ़ाई सोमवार से शुरू हो गयी। सात महीनों से ऑनलाइन पठन-पाठन के बाद आज प्रत्यक्ष रुप से उपस्थित होकर बच्चे बहुत अच्छा महसूस कर रहे थे। विद्यालयों में कोविड-19 के निर्देशों का पूर्णतया पालन करते हुए बच्चे बड़े उल्लास के साथ अध्ययन किये। रानी रेवती देवी सरस्वती विद्या निकेतन इंटर कॉलेज राजापुर में बच्चों के साथ साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं के चेहरे पर भी मुस्कान के साथ-साथ संतोष का भाव झलक रहा था। सात महीनों से ऑनलाइन पठन-पाठन के बाद आज प्रत्यक्ष रुप से उपस्थित होकर बच्चे बहुत अच्छा महसूस कर रहे थे। बच्चों ने संगीताचार्य मनोज गुप्ता के साथ मिलकर युवा कवि श्लेष गौतम का लिखा हुआ गीत “नई सुबह होने को आई फिर स्कूल खुले हैं, हंसी खुशी के रंग बरसे हैं अक्षर फूल खिले हैं“ को बड़े उल्लास के साथ प्रस्तुत किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य बांके बिहारी पांडेय ने बताया कि आज जब सारे बच्चे विद्यालय में प्रवेश कर रहे थे तो सबकी थर्मल स्कैनिंग, सेनीटाइज करवाना और जिनके पास मास्क नहीं था, उन्हें मास्क प्रदान करना तथा बच्चों के आने के पहले और जाने के बाद पूरे विद्यालय को सैनिटाइज करवाना आदि सुरक्षा का प्रबंध विद्यालय द्वारा किया गया था। आज 9वीं से लेकर 12वीं तक के कुल 442 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इस अवसर पर रमेश चंद्र मिश्रा, जटाशंकर तिवारी, शिव नारायण सिंह, कामाख्या प्रसाद दुबे, आनंद कुमार सिंह, अशोक कुमार मौर्य, दिनेश कुमार शुक्ला, सत्य प्रकाश पांडे प्रथम, अवधेश कुमार, वकील प्रसाद, वाचस्पति चौबे, सुनील कुमार गुप्ता, प्रभात कुमार शर्मा, दीपक दयाल, शिवजी राय, शैलेश सिंह यादव, विनय कुमार यादव एवं प्रवीण कुमार तिवारी का सहयोग सराहनीय रहा। इसी प्रकार खरकौनी नैनी स्थित माधव ज्ञान केन्द्र में प्रशासन व शिक्षा विभाग के आदेशानुसार कक्षा नवम एवं दशम की कक्षाएं प्रथम पाली में तथा एकादश व द्वादश की द्वितीय पाली में प्रारम्भ हुयी। प्रशासन द्वारा कोविड-19 से सम्बन्धित बचाव हेतु दिये गये निर्देशों का पालन करते हुए आज आफलाइन शिक्षण प्रारम्भ हुआ। विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार त्रिपाठी द्वारा वन्दना सत्र में शासन द्वारा दिये गये निर्देशों की समस्त जानकारी छात्र-छात्राओं की दी गयी। सभी छात्र-छात्राओं ने अपने अभिभावक द्वारा दिये गये सहमति पत्र को कक्षाचार्य बन्धुओं को देने के पश्चात ही शिक्षण कक्ष में प्रवेश किया। जिन छात्रों ने मास्क नहीं लगाया था, उन्हे विद्यालय में मास्क उपलब्ध कराया गया। समस्त विद्यालय परिवार ने कोविड-19 सम्बन्धी सूचनाओं का पालन स्वयं किया व छात्र-छात्राओं को सूचनाओं का पालन लगातार कराया। छात्र-छात्राओं में पुनः विद्यालय आकर अध्ययन करने को लेकर अत्यन्त प्रसन्नता तथा सकारात्मकता का वातावरण दिखा। इसी क्रम में सिविल लाइंस स्थित ज्वाला देवी इण्टर कालेज में बच्चों ने प्रवेश किया। प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र ने बताया कि आज लगभग 200 बच्चों ने कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए विद्यालय में प्रवेश किया। बच्चों की छुट्टी के बाद विद्यालय को पुनः सेनेटाइज कराया गया। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों के पास मास्क नहीं था उन्हें मास्क दिया गया। हिन्दुस्थान समाचार/विद्या कान्त-hindusthansamachar.in