सत्ता की मदहोशी में संवैधानिक अधिकारों के दमन पर तुल गई भाजपा सरकार-अखिलेश
सत्ता की मदहोशी में संवैधानिक अधिकारों के दमन पर तुल गई भाजपा सरकार-अखिलेश 
उत्तर-प्रदेश

सत्ता की मदहोशी में संवैधानिक अधिकारों के दमन पर तुल गई भाजपा सरकार-अखिलेश

Raftaar Desk - P2

लखनऊ, 14 सितम्बर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को कहा कि भाजपा सरकार सत्ता की मदहोशी में संवैधानिक अधिकारों के दमन पर तुल गई है। मानवाधिकारों से उसे चिढ़ है। विशेष सुरक्षाबल 2020 के जरिए प्रदेश में 'ठोक दो' संस्कृति के तहत अब जिसे चाहे, जहां चाहे उठा लिया जा सकेगा। ना वारंट, ना बेल, ना सबूत और नहीं सुनवाई। जिस पर मुख्यमंत्री जी की निगाह टेढ़ी हुई, उसकी शामत आना तय है। उन्होंने कहा कि सरकार ने आज पूर्व सांसद सीएन सिंह के घर शोक संवेदना प्रकट करने जा रहे प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल तथा उनके साथ अन्य नेताओं को रायबरेली में गिरफ्तार कर अपनी सत्ता की धमक दिखाई है। महोली, सीतापुर में मृृतक कमलेश मिश्रा के घर सांत्वना देने जा रहे विधायक एवं पूर्व मंत्री मनोज पाण्डेय को भी वहां नहीं जाने दिया गया। भाजपा सरकार और पुलिस पूरी तरह अमानवीय और संवेदन शून्य हो गई है। किस अधिकार से अब किसी के दुःख में भी वह किसी को शरीक नहीं होने देगी? अखिलेश ने कहा कि प्रतापगढ़ में समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष पर फर्जी आरोप लगाकर जेल भेजा गया। यह बदले की कार्रवाई है। सरधना नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष के पति एवं पुत्र पर झूठा एससी-एसटी एक्ट का मुकदमा लगाया गया जबकि सफाई कर्मचारी संघ का कहना है कि मुकदमा फर्जी है। इससे पहले समाजवादी नेताओं का आज प्रतापगढ़ जाने का कार्यक्रम था। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल बहुखंडी विधायक निवास में रहते हैं। उनके आवास के बाहर और गेट पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। जब वे बाहर निकलने को हुए पुलिस दल ने उन्हें रोकने की कोशिश की। तभी एमएलसी सुनील यादव साजन भी वहां पहुंच गए। पुलिस ने जब फिर रोकने की कोशिश की तो अपनी गाड़ियां छोड़कर समाजवादी नेताओं ने पैदल ही राजभवन, मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने का ऐलान कर दिया। कार्यकर्ताओं के साथ वे 1090 चौराहे तक पहुंच भी गए। तब तीखे विवाद के बाद पुलिस ने उन्हें आगे जाने दिया। लेकिन, बछरावां टोल पर फिर उन्हे रोकने की कोशिश की गई। पुलिस के रोकने के बावजूद वहां से आगे बढ़ गए तो रायबरेली पहुंचने पर पुलिस ने फिर जबरदस्त घेराबंदी करके गिरफ्तार कर लिया। रायबरेली में नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादियों को जनता के बीच जाने से कब तक रोकेगी और सत्ता संरक्षित अपराध को कहां तक बेलगाम होने देगी। उन्हें साथी विधायकों, पार्टी नेताओं के साथ श्रद्धांजलि देने प्रतापगढ़ जाने से जबरन रोका गया। महोबा में व्यापारी की मौत के आरोपित पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी की भी गिरफ्तारी हो। हिन्दुस्थान समाचार/संजय/-hindusthansamachar.in