वर्तमान में गाजीपुर के दूसरे व पूर्वांचल से तीसरे राज्यपाल होंगे मनोज सिन्हा
वर्तमान में गाजीपुर के दूसरे व पूर्वांचल से तीसरे राज्यपाल होंगे मनोज सिन्हा 
उत्तर-प्रदेश

वर्तमान में गाजीपुर के दूसरे व पूर्वांचल से तीसरे राज्यपाल होंगे मनोज सिन्हा

Raftaar Desk - P2

गाजीपुर, 06 अगस्त (हि.स.)। पूर्व केंद्रीय रेल राज्य व संचार मंत्री मनोज सिन्हा के जम्मू कश्मीर के उप राज्यपाल बनने की खबर के बाद से जनपद में हर्ष का माहौल व्याप्त हो गया है। खास बात यह कि वर्तमान में गाजीपुर जनपद के रहने वाले मनोज सिन्हा दूसरे राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। गौरतलब हो कि इससे पूर्व गाजीपुर जनपद के ही सैदपुर तहसील के मलिकपुर गांव निवासी कलराज मिश्रा वर्तमान में राजस्थान के राज्यपाल हैं। वहीं आजमगढ़ जनपद निवासी फागू चौहान फिलहाल बिहार प्रदेश के राज्यपाल है। ऐसे में गाजीपुर जनपद के ही मोहम्मदाबाद तहसील अंतर्गत मोहनपुरवा गांव निवासी मनोज सिन्हा के जम्मू कश्मीर उपराज्यपाल की शपथ लेते ही गाजीपुर अपने आप में एक रिकॉर्ड में शामिल हो जाएगा। वर्तमान में इस जनपद के 2 व्यक्तित्व वर्तमान में राज्यपाल हैं, अब पूर्वांचल से तीसरे राज्यपाल के रुप में मनोज सिन्हा जम्मू-कश्मीर की कमान संभालेंगे। हालांकि अगर पूर्व राज्यपालों की गिनती ली जाए तो स्वर्गीय राम नरेश यादव आजमगढ़ जनपद निवासी मध्य प्रदेश के राज्यपाल रह चुके हैं। ऐसे में इस संवैधानिक पद पर रहने वाले पूर्वांचल के तीसरे शख्सियत के रूप में मनोज सिन्हा शपथ लेंगे। हिन्दुस्थान समाचार/श्रीराम/राजेश-hindusthansamachar.in